ग्वालियर. ग्वालियर में जिस ट्रांसपोर्ट कारोबारी पर 2 दिन पहले ब्लैकमेलिंग की FIR दर्ज हुई उसने शनिवार रात मुरैना में अवैध कट्टे से गोली मारकर खुदकुशी कर ली. ट्रांसपोर्ट कारोबारी ने खुदकुशी से पहले सुसाइड नोट भी लिखा. इसमें उसने ग्वालियर की महिला समाजसेविका और उसके रियायर्ड पुलिस अफसर पति पर 20 लाख रुपये के लिए ब्लैकमेल करने और झूठा केस दर्ज कराने का जिक्र किया है. ट्रांसपोर्ट कारोबारी की खुदकुशी के बाद मुरैना पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मुरैना के सिविल लाइन थाना इलाके में रहने वाले जयभारत ट्रांसपोर्ट के संचालक शैंकी उर्फ यतेंद्र सिकरवार ने शनिवार रात खुद को गोली मार ली. परिजन घायल शैंकी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे. यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. खबर मिलते ही मुरैना पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां से सुसाइड नोट और ग्वालियर के हजीरा थाना में दर्ज FIR की कॉपी मिली.
सुसाइड नोट में प्रताड़ना का जिक्र
पुलिस को मिले सुसाइड नोट में लिखा है- ” मैं यतेंद्र अपने होशो-हवाश में आत्महत्या कर रहा हूं. मुझे ग्वालियर निवासी रिटायर डीएसपी महेंद्र शर्मा और उनकी पत्नी ममता शर्मा ब्लैकमेल कर रहे थे. हमारे घर वालों से परेशान किया जा रहा था. हमसे 20 लाख रुपये की मांग कर रहे थे. न देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही थी. आज इन्होंने हजीरा थाने में मेरे खिलाफ झूठा केस दर्ज करा ही दिया. इन्होंने मुझे जलील और मेरे परिवार को बदनाम किया है. इसके कारण मैं आत्महत्या कर रहा हूं. मेरी आत्महत्या का कारण रिटायर्ड डीएसपी महेंद्र शर्मा और उनकी पत्नी ममता शर्मा हैं -यतेंद्र सिंह सिकरवार.”
महिला ने दो दिन पहले कराई थी एफआईआर
ये सुसाइड नोट मिलने के बाद मुरैना पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है. सुसाइड नोट और परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस मामले की अगली पड़ताल में जुट गई है. मुरैना पुलिस जल्द ही ग्वालियर आकर हजीरा पुलिस से प्रकरण की जानकारी लेगी. थाना हजीरा TI मनीष धाकड़ ने बताया कि बिरलानगर में रहने वाली सामाजिक कार्यकर्ता की शिकायत पर FIR दर्ज की गई थी. FIR के मुताबिक सितंबर महीने में समाजसेविका की मुलाकात मुरैना निवासी शैंकी सिकरवार से हुई थी. इसके बाद शैंकी का महिला के घर आना-जाना शुरू हो गया.
मृतक पर लगाए थे ये आरोप
एफआईआर के मुताबिक, एक दिन शैंकी महिला के घर पहुंचा और मौका पाकर कमरे में चार्जिंग पर लगे उसके मोबाइल से महिला के कुछ फोटो-VIDEO अपने मोबाइल में ले लिए. कुछ दिनों बाद शैंकी ने समाजसेविका को फोन कर 5 लाख रुपए की डिमांड की. शैंकी ने धमकाते हुए कहा कि तुम्हारे कुछ फोटोग्राफ मेरे पास हैं. अगर मुझे रुपए नहीं दिए तो फोटो एडिट कर वॉट्सएप और फेसबुक पर वायरल कर तुम्हें बदनाम कर दूंगा. हजीरा पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी, इससे पहले ही शनिवार रात आरोपी शैंकी ने खुदकुशी कर ली.


