भारत के गणतंत्र दिवस पर विदेशों से लगातार मिल रहीं शुभकामनाएं

इस्राएल की सेना सहित दुनिया के अन्य अनेक देशों के विदेश मंत्रियों तथा अन्य नेताओं ने भी भारत सरकार को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं 

भारतके 73वें गणतंत्र दिवस पर अनेक राष्ट्राध्यक्षों ने अपने देश की ओर से भारत को शुभकामना संदेश प्रेषित किए हैं। इनमें प्रमुख हैं अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, इस्राएल, नेपाल, भूटान और श्रीलंका। ये शुभकामना संदेश ऑस्ट्रेलियाके प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन, श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे, नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा, भूटान के प्रधानमंत्री लोटे शेरिंग आदि की तरफ से आए हैं। इस्राएल की सेना सहित दुनिया के अन्य अनेक देशों के विदेश मंत्रियों तथा अन्य नेताओं ने भी भारत सरकार को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। विभिन्न देशों के भारतीय दूतावासों में भीगणतंत्र दिवसका कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया। अनेक देशों में वर्तमान में कोरोना के चलते लगीं पाबंदियों के कारण भारत के दूतावासों ने सीमित संख्या में ही मेहमानों को बुलाया था। दूतावासों में सगर्व तिरंगा फहराया गया, रंगारंग कार्यक्रम हुए और मेहमानों की आवभगत की गई। 

मालदीव के विदेश मंत्री और संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष अब्दुल्ला शाहिद ने भी भारत को शुभकामनाएं देते हुए लिखा है कि इस 73वें गणतंत्र दिवस पर मालदीव सरकार अपने सबसे भरोसेमंद दोस्त तथा निकटतम पड़ोसी देश भारत के लोगों को शुभकामनाएं प्रेषित करती है। लंबे समय से चली रही मालदीव—भारत मैत्री हमारे लोगों के लिए आपसी लाभ प्रदान करते हुए फलती-फूलती रहे। 

ब्रिटेन  के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने भारतवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। जॉनसन ने कहा है कि उन्हें ‘दो विविध लोकतांत्रिक देशों की मैत्री पर गर्व है तथा वह अगले 75 वर्ष व उससे आगे इन संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए तत्पर हैं। ब्रिटेन और भारत गहरे बंधनों से बंधे हैं जो पीढ़ियों से चले आ रहे हैं। दोनों ने आज की सबसे गहन चुनौतियों का सामना किया है। इसलिए मैं ब्रिटेन की ओर से भारत के लोगों और ब्रिटेन में रहने वाले सभी ब्रिटिश भारतीयों को भारत के गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं देना चाहता हूं’।

उधर ऑस्ट्रेलिया से प्रधानमंत्री मॉरिसन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हिंदी में बधाई संदेश भेजा है। मॉरिसन ने ट्वीट किया कि ‘ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच शानदार मैत्री है। आज जब हम ऑस्ट्रेलिया दिवस मना रहे हैं, ऐसे में मैं अपने अच्छे मित्र नरेंद्र मोदी और सभी भारतीयों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देता हूं’।

नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने भी प्रधानमंत्री मोदी को भेजे अपने संदेश में विश्वास व्यक्त किया कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होते रहेंगे। नेपाल के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है। इसमें लिखा है कि देउबा ने सामाजिक-आर्थिक विकास और प्रौद्योगिकियों तथा नवाचार के क्षेत्र में भारत की उल्लेखनीय उपलब्धियों की सराहना की है। एक अलग संदेश में, नेपाल की राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी ने भी राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को बधाई प्रेषित की है। 

भूटान के प्रधानमंत्री लोटे शेरिंग ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि ‘जैसा कि दोनों देश समय के साथ दोस्ती को और बढ़ाने को लेकर दृढ़ संकल्पित हैं, मुझे इसमें जरा भी संदेह नहीं है कि हम सफलता और खुशी की कई और कहानियां साथ लिखते जाएंगे’। श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने ट्विटर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारत सरकार और भारतवासियों को शुभकामनाएं दीं।

अमेरिका से व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी का कहना था कि ‘हम दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत के साथ मिलकर उसका गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। जब भारत के प्रधानमंत्री मोदी पिछले साल सितंबर में व्हाइट हाउस आए थे, तब भी राष्ट्रपति बाइडन ने कहा था कि भारत तथा अमेरिका के मजबूत संबंधों और निकटता से पूरी दुनिया को लाभ हो सकता है’।

इस्राएल की सेना की तरफ से भारतीय सेना को टैग करते हुए ट्वीट किया गया कि ‘भारत में हमारे सहयोगी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं। एक लोकतंत्र से दूसरे लोकतंत्र में, हम अपने दोनों देशों के साझा मूल्यों के आधार पर अपने सैन्य सहयोग और साझेदारी को मजबूत करना जारी रख सकते हैं’।

मालदीव के विदेश मंत्री और संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष अब्दुल्ला शाहिद ने भी भारत को शुभकामनाएं देते हुए लिखा है कि इस 73वें गणतंत्र दिवस पर मालदीव सरकार अपने सबसे भरोसेमंद दोस्त तथा निकटतम पड़ोसी देश भारत के लोगों को शुभकामनाएं प्रेषित करती है। लंबे समय से चली आ रही मालदीव—भारत मैत्री हमारे लोगों के लिए आपसी लाभ प्रदान करते हुए फलती-फूलती रहे।

Leave a comment