इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक ऐतिहासिक फैसले में एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस से 72 वर्षीय वीरेंद्र पाल कपूर को उनके 50,000 रुपये वापस करने को कहा है। कपूर ने अदालत में एक मामला दायर किया था जब उन्होंने पाया कि उनका 50,000 रुपये का शुरुआती निवेश पांच साल में घटकर सिर्फ 248 रुपये रह गया था।
कपूर राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक के पद से सेवानिवृत्त हुए। 2007 में, अपने एजेंट की सलाह पर, उन्होंने एसबीआई लाइफ की यूनिट प्लस II नामक सिंगल-प्रीमियम यूनिट-लिंक्ड पॉलिसी में 50,000 रुपये का निवेश किया। जैसा कि उनके एजेंट ने सलाह दी थी, उन्होंने प्रीमियम के 625 % का बीमा कवर का विकल्प चुना, जिसकी राशि 3,12,500 रुपये थी। हालांकि, , परिपक्वता पर उन्हें यूलिप में उच्च बीमा कवर और अन्य शुल्कों के कारण शेष राशि के रूप में केवल 248 रुपये का भुगतान किया गया था। उन्होंने पॉलिसी के ऑल-इक्विटी विकल्प में निवेश किया था।
अदालत ने कहा कि ‘एसबीआई लाइफ यूनिट प्लस II-सिंगल’ पॉलिसी की शर्तें ‘असंवेदनशील ‘ थीं और पॉलिसी को अवैध और शून्य घोषित किया। फैसले में कहा गया है, ‘एसबीआई लाइफ एक महीने के भीतर याचिकाकर्ता को 50,000 रुपये की मूल राशि लौटा देगी। तथा इंश्योरेंस रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (इरडा) को हर बीमा पॉलिसी की फिर से जांच करने का निर्देश दिया गया है, भले ही उस पालिसी को इरडा द्वारा अनुमोदित किया गया हो, और एसबीआई लाइफ द्वारा पेश की गई ऐसी सभी पॉलिसियों को अपने नए दिशानिर्देशों के अनुसार लाने का निर्देश दिया गया है। एसबीआई लाइफ को याचिकाकर्ता को रिट याचिका लगाने की लागत के रूप में 10,000 रुपये का भुगतान करने का भी निर्देश दिया गया है।
अदालत ने इरडा को यह पता लगाने के लिए बीमा पोलिसिओं की जांच करने का भी निर्देश दिया कि क्या उनके पीछे कोई छिपा हुआ एजेंडा या नियम और शर्तें लगी हैं जो पॉलिसी धारकों के लिए हानिकारक हैं। इस साल की शुरुआत में, इरडा ने एसबीआई लाइफ को पॉलिसीधारकों को 275 करोड़ रुपये वापस करने के लिए कहा था, जो सीमित प्रीमियम भुगतान अवधि की पॉलिसी धनरक्षा प्लस की बिक्री में अपने कॉर्पोरेट एजेंटों को गलत तरीके से लाभान्वित करने के लिए बेचीं गयी थी । इरडा ने पाया कि पॉलिसी में दो साल की प्रीमियम भुगतान अवधि थी, लेकिन कंपनी ने 2008-09 और 2010-11 के बीच पहले वर्ष में दूसरे वर्ष के प्रीमियम का 90% से अधिक का एडवांस प्रीमियम जमा किया तथा ग्राहकों को सिंगल प्रीमियम कह कर बेचा गया ।


