देशभर में तेजी से कोरोना रोधी टीकाकरण किया जा रहा है। 15-18 आयु वर्ग के 2 करोड़ से अधिक युवाओं को पूरी तरह से टीका लगाया गया है। इसकी जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट करके दी है।
देशभर में तेजी से कोरोना रोधी टीकाकरण किया जा रहा है। 15-18 आयु वर्ग के 2 करोड़ से अधिक युवाओं को पूरी तरह से टीका लगाया गया है। इसकी जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट करके दी है। उन्होंने लिखा कि, पूरे उत्साह से आगे बढ़ रहा युवाओं का टीकाकरण! दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान को अगले स्तर पर ले जा रहा युवा भारत! 15-18 आयु वर्ग के 2 करोड़ से अधिक युवाओं को अब कोविड19 के खिलाफ पूरी तरह से टीका लगाया गया है। देश में कोरोना की रफ्तार धीरे-धीरे कमजोर पड़ रही है। पिछले 24 घंटे में शुक्रवार सुबह तक देश में कोरोना के 25,920 नए मरीज मिले हैं। इस अवधि में कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या 66 हजार 254 है। इस दौरान कोरोना संक्रमित 492 मरीजों की मौत हो गई। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में कोरोना वायरस से ठीक होने वालों की कुल संख्या चार करोड़, 19 लाख , 77 हजार, 238 हो गई है। इस दौरान रिकवरी रेट बढ़कर 98.12 प्रतिशत हो गया है। देश में एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 2 लाख, 92 हजार 092 तक पहुंच गई है। दैनिक संक्रमण दर 2.07 प्रतिशत है। आईसीएमआर के मुताबिक बीते 24 घंटे में 12 लाख 54 हजार से ज्यादा टेस्ट किए गए। अबतक कुल 75 करोड़ 68 लाख टेस्ट किए जा चुके हैं। देश में लगे 174.64 करोड़ टीके कोरोना के खिलाफ जंग में कारगर टीकाकरण अभियान के तहत देश में पिछले 24 घंटे में करीब 34 लाख से ज्यादा टीके लगाए गए। इसके साथ देश में अबतक 174 करोड़, 64 लाख टीके लगाए जा चुके हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक शुक्रवार सुबह तक राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को 171 करोड़ 76 लाख टीके की खुराक नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा चुकी है। राज्यों के पास अभी भी टीके की 11.41 करोड़ खुराक मौजूद है।


