उज्जैन । उज्जैन के प्रशासनिक कार्यालय में शुक्रवार को एक ऐसा दिलचस्प मामला सामने आया जिसे देखने लोगो की भीड़ लग गई, दरअसल उज्जैन में PWD के 82 साल के रिटायर्ड अधिकारी ने अपनी उम्र से 46 साल छोटी विधवा महिला से कोर्ट मैरिज की। एसपी जोशी की माने तो उन्हे 28 हजार पेंशन मिलती है और उन्होंने विभा से इसी वजह से शादी की उनके बाद यह पेंशन उसके काम आएगी। वही विभा की माने तो उसने सहारे के लिए शादी की। वल्लभनगर निवासी 82 साल के एसपी जोशी PWD में सेक्शन हेड थे। वह फरवरी 1999 में रिटायर हुए, एस पी जोशी रिटायरमेंट के बाद बिल्कुल अकेले हो गए, न उनकी पत्नी थी और न ही बच्चे, वह अकेले ही रहते थे, इसी बीच एस पी जोशी की मुलाकात शास्त्री नगर निवासी 36 साल की विभा जोशी से हुई, विभा भी गृहणी है और पति की मौत के बाद 6 साल के बच्चे के साथ अकेली रहती है। मुलाकात के बाद एस पी जोशी और विभा ने शादी करने का फैसला लिया। दोनों ने साथ रहने का फैसला लिया और कोर्ट से शादी करना तय किया, इसी के चलते शुक्रवार को विभा अपने रिश्तेदारों के साथ और एसपी जोशी अकेले कोठी स्थित प्रशासनिक कार्यालय पहुंचे। जहां एडीएम संतोष टैगोर के समक्ष कोर्ट मैरिज की। हालांकि जैसे ही लोगों को इस शादी के बारे में पता चला तो लोग उत्सुकता से इस जोड़ी को देखने रुक गए, लेकिन जैसे ही भीड़ को विभा और एसपी जोशी ने देखा तो वह नाराज हो गए, उन्होंने लोगों को फटकार लगा दी। शादी के बाद जोड़ा अपने घर रवाना हो गया।


