उत्तराखंड : नए मुख्यमंत्री के नाम पर कल लगेगी मुहर, राजनाथ सिंह व मीनाक्षी लेखी की अध्यक्षता में होगी बैठक

उत्तराखंड का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर कल मुहर लग जाएगी। मंगलवार शाम चार बजे एक होटल में भाजपा के विधानमंडल दल की बैठक होगी। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय पर्यवेक्षक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी करेंगी।

 कई दिनों से दिल्ली के केंद्रीय नेताओं के बीच उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के नाम पर मंथन चल रहा था। बताया जा रहा है कि पार्टी आलाकमान ने मुख्यमंत्री का नाम लगभग तय कर लिया है। अब इस पर विधानमंडल दल की बैठक में मुहर लगना शेष रह गया है। भाजपा ने सभी विधायकों को कल देहरादून में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं।उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के कई जिलों में कल होली मनाई गई। इस कारण कुमाऊं मंडल से भाजपा के निर्वाचित विधायक कल अपने-अपने क्षेत्रों में थे। हालांकि अधिकांश विधायक आज देहरादून पहुंच गए हैं। केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह और मीनाक्षी लेखी कल देहरादून पहुंचने वाली हैं।पार्टी के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि विधानमंडल दल की बैठक की जानकारी थोड़ी देर में सभी निर्वाचित विधायकों को दे दी जाएगी। उन्होंने बताया कि एक-दो दिनों में मुख्यमंत्री का भी शपथ ग्रहण समारोह तय हो जाएगा। इस बार का समारोह भव्य और दिव्य होगा। समारोह में हर वर्ग के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।उत्तराखंड के पांचवें विधानसभा चुनाव में सभी 70 सीटों पर एक साथ 14 फरवरी को मतदान हुआ था। चुनाव का नतीजा 10 मार्च को आया था। चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।इस चुनाव में भाजपा ने 70 में से 47 सीटें जीतीं हैं। कांग्रेस को 19 सीटों पर जीत मिली है। 2 सीटों पर बसपा को जीत मिली है और 2 सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव जीते हैं।

जानिए क्या रहेगा पूरा कार्यक्रम

  • प्रोटेम स्पीकर बंशीधर भगत कल सुबह 10:00 बजे राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से करेंगे मुलाकात।
  • मुलाकात के बाद राज्यपाल, प्रोटेम स्पीकर बंसीधर भगत को दिलाएंगे, प्रोटेम स्पीकर पद की शपथ।
  • शपथ लेने के बाद प्रोटेम स्पीकर बंशीधर भगत पहुंचेंगे विधानसभा।
  • विधानसभा में कल 11:00 बजे सभी नवनिर्वाचित विधायकों को दिलाएंगे शपथ।
  • कल प्रदेश कार्यालय में शाम 5 बजे भाजपा विधानमंडल दल की बैठक।
  • 1 बजे के करीब देहरादून पहुचेंगे दोनो पर्यवेक्षक।
  • भाजपा प्रदेश कार्यालय में शाम 5 बजे विधानमंडल दल की होगी बैठक।
  • भाजपा नेतृत्व ने पाँचों लोकसभा और दोनों राज्यसभा सांसदों को भी विधानमंडल दल की बैठक में बुलाया गया है

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का जारी हुआ कार्यक्रम

  • 1.30 दिल्ली अकबर रोड से देहरादून के लिए रवाना
  • 3.30 देहरादून पहुँचेंगे
  • 4.55 भाजपा प्रदेश कार्यालय पर पहुँचेंगे
  • 5.00 से 6.30 बजे तक विधानमंडल दल की बैठक में प्रतिभाग
  • इसके बाद होटल जाएँगे और देहरादून में रात्रिविश्राम होगा
  • अगले दिन सुबह दिल्ली कूच करेंगे।
  • 22 को सम्भवतः नए मुख्यमंत्री और मंत्री गण शपथ लेंगे

Leave a comment