गर्मियों का मौसम शुरू हो चुका है और तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है। कुछ दिन बाद भीषण गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा और टेम्प्रेचर अपने चरम पर होगा
भीषण गर्मी के बीच आपको जरूरत होगी ऐसी ड्रिंक्स की, जो लंबे समय तक ठंडक दे सकें। इसलिए हम आपको बताएँगे ऐसे पेय पदार्थों के बारे में, जिन्हें आप घर पर आसानी से बना सकते हैं और आपको इसके लिए ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी होगी।
1. नींबू पानी
गर्मियों के दिनों में नींबू पानी की बिक्री बढ़ जाती है। लेकिन आप इसे घर पर भी बना सकते हैं। आप इसे पुदीने का रस, भुना हुआ जीरा पाउडर और काला नमक मिलाकर और भी स्वादिष्ट बना सकते हैं।
2. आम का पना
आम का स्वाद किसे पसंद नहीं होता, शायद ही कोई हो जिसे आम अच्छा नहीं लगता।
लेकिन जब कैरी (हरे रंग का कच्चा आम) से बने अचार और पना की बात हो, तो मुंह में पानी आ जाता है। पना को कच्चे आम से तैयार किया जाता है और यह गर्मी में हीट स्ट्रोक से बचाव करता है।
पना के सेवन से शरीर में ठंडक बनी रहती है। साथ ही कच्चा आम विटामिन सी और आयरन से भरपूर होता है।
कच्चे आम को पानी में उबालकर मैश करें। उसके बाद उसमें स्वादानुसार मिर्च, मसाला, जीरा आदि डालकर पिएं। इससे गर्मी में राहत मिलेगी।
3. लस्सी
पंजाब हो या हरियाणा, यहां गर्मियों में खाने के साथ लस्सी का बड़ा सा गिलास मिलता है। इसे पीने से शरीर में स्फूर्ति बनी रहती है। इसके अलावा भी यह सेहत के लिए कई तरह से फायदेमंद है। ठंडी तासीर के कारण दही शरीर को ठंडक देता है। आप चाहें तो इसमें स्वादानुसार चीनी या नमक मिला सकते हैं।
4. पुदीना शर्बत
ठंडी तासीर के कारण गर्मियों में पुदीना का भी सेवन किया जाता है। ऐसे में आप पेय / ड्रिंक्स में पुदीना मिलाकर पी सकते हैं। इसे गार्निशिंग के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। पुदीना शरीर को ठंडक देने के साथ पाचन क्रिया को भी दुरुस्त रखता है।
इसके अलावा पुदीना मितली से राहत देने के साथ ही बॉडी को डिटॉक्स करता है। यह विटामिन सी, बी कॉम्प्लेक्स विटामिन और कैल्शियम फॉस्फोरस, जिंक और कॉपर जैसे मिनरल्स का भी अच्छा सोर्स है।
5. नारियल पानी
अगर आपके पास गर्मियों में नारियल पानी आसानी से उपलब्ध हो जाता है तो आप कई तरह से इसका सेवन कर सकते हैं।
आप इसे किसी तरह का हर्ब मिलाए बिना भी पी सकते हैं। लेकिन यदि आप इसका टेस्ट और अच्छा करना चाहते हैं तो इसमें नमक और पिसा हुआ जीरा स्वादानुसार मिला लें।
ऐसा करने से आपको नारियल पानी का नया फ्लेवर पीने को मिलेगा। फिर क्या है रोज नए मसालों के साथ एक्सपेरिमेंट करते जाइए।
इसके अलावा आप आम का शेक, रुहआफ्जा, ठंडाई, बनाना शेक, मैंगो शेक, तरबूज जूस, बेल का शर्बत आदि का सेवन भी कर सकते हैं। इन्हें आसानी से घर पर बनाया जा सकता है।


