स्पोर्ट्स. आईपीएल का आगाज होने से पहले चेन्नई के फैन्स को कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी ने बड़ा झटका दिया है। महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ दी है। जिसके बाद टीम मैनेजमेंट ने रविंद्र जडेजा को सीएसके का कप्तान बनाया है। महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल ऑक्शन से पहले ही संकेत दिए थे कि मैनेजमेंट उन पर ज्यादा रकम खर्च न करे। सीएसके ने अपने सबसे सफल कप्तान को 12 करोड़ में रिटेन किया था। वहीं रविंद्र जडेजा को 16 करोड़ में रिटेन किया था।
बतौर खिलाड़ी खेलेंगे माही: कयास लगाए जा रहे थे कि एमएस धोनी ही 2022 के आईपीएल में टीम के कप्तान रहेंगे, लेकिन उन्होंने आईपीएल शुरू होने के दो दिन पहले ही टीम की कप्तानी छोड़कर सबको चौंका दिया। हालांकि महेंद्र सिंह धोनी बतौर बल्लेबाज और विकेट के पीछे जरूर नजर आएंगे, क्योंकि एमएस धोनी विकेट के पीछे से मैच पलटने के लिए जाने जाते हैं।शानदार रही धोनी की कप्तानी: महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स को 4 बार आईपीएल चैंपियन बनाया। चेन्नई ने 2010, 2011, 2018 और 2021 में आईपीएल की ट्रॉफी जीती। माही की कप्तानी में चेन्नई ने 2 बार चैंपियंस लीग भी जीती। धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने 12 सीजन में से 9 में फाइनल तक का सफर तय किया। धोनी ने चेन्नई को 11 बार प्लेऑफ में पहुंचाया। महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल में बतौर कप्तान चेन्नई के लिए 204 मैच खेले, जिसमें से उन्होंने 121 मैच जीते और 82 में टीम को हार का सामना करना पड़ा। एक मैच बेनतीजा रहा था।


