मकान में लगाई गई सील तोड़ना समाजवादी पार्टी के नेता यूसुफ मलिक के रिश्तेदारों को भारी पड़ गया। पुलिस ने दामाद दानियाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया। धमकाने और हंगामा करने के बाद सिविल लाइंस थाने में सपा नेता यूसुफ मलिक के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
टैक्स बकाया जमा नहीं करने पर मकान में लगाई गई सील तोड़ना समाजवादी पार्टी के नेता यूसुफ मलिक के रिश्तेदारों को भारी पड़ गया। निगम के मुख्य कर अधिकारी की तहरीर पर सपा नेता के दामाद, समधी और बेटी के खिलाफ कटघर पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोपित दामाद दानियाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया। वहीं इसी मामले को लेकर अपर नगरायुक्त को धमकाने और हंगामा करने के बाद सिविल लाइंस थाने में सपा नेता यूसुफ मलिक के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
एसएचओ कटघर आरपी शर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर ने शिवपुरी डबल फाटक निवासी दानियाल, उसकी पत्नी वाजिया और पिता जमालहसन के खिलाफ तहरीर दी थी। जिसमें बताया कि नगर निगम की वसूली टीम ने शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे जमालहसन पर बकाया चल रहे 23 लाख 4 हजार 567 रुपये के टैक्स के वसूली के लिए पहुंची थी। वहां धनराशि जमा न करने के कारण टीम ने मकान को सील कर दिया। उस समय टीम ने पूरा घर चेक किया तक कोई नहीं था। लेकिन दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सपा नेता ने नगर निगम के उच्चाधिकारियों को सूचना दी कि मकान में महिला बंद हैं। उक्त सूचना के बाद अपर नगर आयुक्त प्रथम, सहायक नगरायुक्त द्विततीय निगम की टीम के साथ वहां पहुंच गए। सीओ कटघर आशुतोष तिवारी भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान जांच करने पर पाया गया कि निगम द्वारा दरवाजे पर लगाई गई एक सील टूटी हुई है। वहां मौजूद सपा नेता के दामाद दानियाल के पास ही मकान की चाबी थी। अधिकारियों ने उससे गेट खुलवाया गया तो अंदर उसकी पत्नी वाजिया बंद मिली। आरोप है कि दानियाल और उसके पिता ने जानबूझ कर साजिश के तहत वाजिया को सीलबंद मकान में ताला खोलकर प्रवेश कराया। इसके बाद माहौल खराब करने के लिए नगर निगम के अधिकारियों पर झूठा आरोप लगाते हुए हंगामा किया। ऐसा करके उसने सरकारी कार्य में बाधा भी डाला।
थाना कटघर एसएचओ आरपी शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित जमाल हसन, दानियाल और वाजिया के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया। आरोपित दानियाल को गिरफ्तार कर रविवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।


