लोकमतसत्याग्रह/ग्वालियर । चैत्र नवरात्रि की शुरुआत और गुड़ी पड़वा के साथ हिन्दू सनातन परंपरा का नव वर्ष आज से शुरू हो गया। देश प्रदेश की तरह ही ग्वालियर में विक्रम सम्वत 2079 का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। मुख्य कार्यक्रम नगर निगम ने संस्कार भारती के साथ मिलकर जलविहार में उषाकाल में आयोजित किया। यहाँ शहर के गणमान्य अतिथियों ने भगवान् भास्कर की पहली किरण की अर्घ्य देकर नए वर्ष का स्वागत किया और प्रदेशवासियों के लिए सुख समृद्धि और ग्वालियर को स्वच्छता में नंबर एक बनाने की कामना की।विक्रम सम्वत 2079 का नाम नलनाम संवत्सर है। ग्वालियर नगर निगम ने जल विहार स्थित ऐतिहासिक परिसर को नव वर्ष के स्वागत के लिए आकर्षक रूप से सजाया था। संस्कार भारती के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में हर बार की तरह इस बार भी सनातन परम्परों को ध्यान में रखते हुए तैयारियां की गई थीं। रंगारंग प्रस्तुतियों की भी तैयारी की गई थी। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य अतिथि शामिल हुए, सभी उषाकाल से पहले ही करीब 4 बजे आयोजन स्थल पहुँच गए। नव सवंत्सर महोत्सव का शुभारंभ प्रातः 4:40 बजे, संकीर्तन यात्रा के साथ किया गया। इसके बाद संगीतमयी प्रस्तुतियां हुईं। संगीतमयी प्रस्तुतियों के बीच जैसे भगवान भास्कर का उदय हुआ, शंख ध्वनि के साथ यहाँ मौजूद सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, संभागीय आयुक्त आशीष सक्सैना, नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल, पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता, महाराजा मानसिंह तोमर कला एवं संगीत विश्वविद्यालय के कुलपति साहित्य कुमार नाहर, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी, पूर्व सभापति राकेश माहौर सहित बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिकों ने सूर्य भगवान को जल अर्पित कर उनका स्वागत किया। भगवान भास्कर की प्रथम किरण को अर्घ्य देकर नये वर्ष का स्वागत करने के बाद सभी ने ग्वालियर शहर के विकास, ग्वालियर शहर को स्वच्छता में नम्बर 1 बनाने एवं प्रदेश के नागरिकों की सुख समृद्धि की कामना की। सांसद शेजवलकर ने इस अवसर पर कहा कि आज सृष्टि के सृजन का दिवस है। अब नूतन वर्ष में हमारे सामने सबसे महत्वपूर्ण चुनौती हैं, जिसमें हम सभी को स्वच्छता की आदत को अपने जीवन में शामिल करने की आदत डालनी होगी। नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल द्वारा नव संवत्सर का शुभकामना संदेश देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति एवं परम्परा को बढ़ावा देने तथा देश की युवा पीढ़ी को भारत की परम्पराओं से अवगत कराने व भारतीय संस्कारोें को सिंचित करने के लिये नगर निगम ग्वालियर द्वारा प्रतिवर्ष हिन्दू नववर्ष नव सवंत्सर महोत्सव के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि आज इस नए वर्ष के अवसर पर हम सभी को अपने शहर ग्वालियर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने का संकल्प लेना चाहिए। यह चुनौतीपूर्ण तो है लेकिन असंभव नहीं। हम सभी को अपने भीतर स्वच्छता की आदत को डालना होगा और पूरे शहर में स्वच्छता का माहौल बनाना होगा। निगमायुक्त ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई।


