भोपाल| अप्रैल खत्म होने के पहले ही प्रदेश में बेतहाशा गर्मी पड़ रही है। राजस्थान से आ रही सूखी, गरम हवा के साथ सूरज मानो आग उगल रहा है। मध्य प्रदेश का राजगढ़ देश में सबसे गरम शहर रहा। वहां पारा 45.6 डिग्री पर पहुंच गया है। सागर में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
पचमढ़ी छोड़ हर जिले का पारा 40 डिग्री पार
भोपाल में टेम्प्रेचर 42.8 डिग्री पर पहुंच गया है। यह इस सीजन का सबसे ज्यादा तापमान है। गर्मी की हालत यह है कि मध्यप्रदेश में पचमढ़ी को छोड़कर किसी भी शहर में पारा 40 डिग्री से नीचे नहीं रहा। पचमढ़ी में दिन का तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया। इंदौर समेत सभी शहरों में पारा 41 से 45.6 डिग्री के बीच रहा।
तीखी धूप चटकने के कारण सागर में पारे की चाल भी बहुत तेज थी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री था। जिसमें 1.6 डिग्री का उछाल आया और तापमान 43.2 डिग्री हो गया। यह सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री रहा।
10 जिलों में लू का येलो अलर्ट
मौसम केंद्र के पूर्वानुमान में गुरुवार को ग्वालियर चंबल संभाग के जिले के अलावा भोपाल संभाग के राजगढ़, विंध्य और बुंदेलखंड के 10 जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अभी 5, 6 दिन और ऐसी ही गर्मी पड़ने के आसार हैं। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण 3 मई से बादल छा सकते हैं।


