कुतुब मीनार के पास पढ़ी गई हनुमान चालीसा, विष्णु स्तंभ नाम रखने की मांग

हिंदू संगठन का कहना है कि कुतुब मीनार वास्तव में विष्णु स्तंभ है और यहां के जैन और हिंदू मंदिरों को तोड़ करके इस मीनार को बनाया गया है।

दिल्ली में कुतुब मीनार परिसर के पास आज कुछ संगठन सुबह से प्रदर्शन कर रहे हैं और कुतुब मीनार का नाम बदलकर विष्णु स्तंभ रखने की मांग कर रहे हैं।जानकारी के अनुसार हिंदू संगठन महाकाल मानव सेवा के सदस्यों ने आज कुतुब मीनार परिसर के पास हनुमान चालीसा पाठ किया। उसके बाद प्रदर्शन करके कुतुब मीनार का नाम बदलकर विष्णु स्तंभ रखने की मांग कर रहे हैं। संगठन का कहना है कि कुतुब मीनार वास्तव में विष्णु स्तंभ है और यहां के जैन और हिंदू मंदिरों को तोड़ करके इस मीनार को बनाया गया है।कुतुब मीनार परिसर के पास हनुमान चालीसा पढ़े जाने और विरोध प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है। वहीं, कुतुब मीनार परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।इधर, दिल्ली पुलिस ने यूनाइटेड हिंदू फ्रंट के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जयभगवान गोयल को हाउस अरेस्ट कर लिया है। बता दें कि जयभगवान गोयल ने अन्य हिन्दू संगठनों के साथ आज कुतुब मीनार परिसर में हनुमान चालीसा पढ़ने की घोषणा की थी।

Leave a comment