ग्वालियर: फौजी की पत्नी से गैंगरेप, ब्लैकमेलिंग कर 2 लाख हड़पे, 1 आरोपी गिरफ्तार

ग्वालियर ग्वालियर में फौजी की पत्नी से गैंगरेप का मामला सामने आया है। मुख्य आरोपी ने महिला का वीडियो बना लिया, इसके बाद चार साल तक उसे ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करता रहा। ब्लैकमेल कर उसने करीब दो लाख रुपए हड़पे। आरोपियों के खिलाफ उपनगर मुरार पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों में से एक गोविंद थापक की गिरफ्तारी हो चुकी है। धर्मेंद्र नामक युवक फिलहाल फरार है। दैहिक शोषण की यह घटना 4 साल पहले शुरू हुई थी। घटना ग्वालियर के मुरार की हरिओम कॉलोनी की है। पीड़िता की उम्र 36 साल है। महिला अपने दो बच्चों के साथ रहती है, उसका पति सेना में जवान हैं।

यह है पूरा मामला

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पति सेना में हैं। उसके दो बच्चे भी है। फरवरी 2018 में महिला सेल्समैन गोविंद थापक से ग्वालियर के व्यापार मेले में मिली थी। गैस फिटिंग करने के नाम पर गोविंद (govind) ने महिला से एड्रेस व मोबाइल नंबर ले लिया। तीन दिन बाद वह महिला के घर पहुंचा और गैस फिटिंग करके चला गया। दो दिन बाद वह गैस चैक करने के बहाने घर आया। उसने महिला को अकेला पाकर गले पर पेंचकस अड़ाकर रेप की वारदात को अंजाम दिया। उसने दुष्कर्म का वीडियो भी बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बार-बार रेप करने लगा।

पीड़िता से हुआ कई बार रेप

महिला ने पुलिस को बताया कि 2020 में आरोपी गोविंद अपने एक दोस्त धर्मेन्द्र उर्फ धर्मा रजक को भी लेकर महिला के घर पहुंच गया। यहां दोनों ने उसके साथ गैंगरेप किया। विरोध करने पर मारपीट भी की। मौका देखकर उसके दोस्त ने भी कई बार रेप किया। महिला ने पुलिस को बताया कि बदनामी के डर से वो चुप रही। 2021 में पति का ट्रांसफर जोधपुर हो गया। जब वह पति के पास गई, तो आरोपी वहां भी पहुंच गए। यहां दो लाख रुपए भी ले लिए। आरोपी 20 मई तक महिला से गैंगरेप करते रहे। परेशान होकर महिला ने पति को फोन पर आपबीती सुना दी। इसके बाद मुरार थाने पहुंचकर शिकायत की। सीएसपी रत्नेश सिंह तोमर ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।  

Leave a comment