खेल मंत्री अशोक चांदना के इस ट्वीट के बाद राजस्थान में राजनीति तेज हो गई है। बीजेपी नेता भी लगातार रिट्वीट करते हुए सरकार पर हमला बोल रहे हैं।
राजस्थान सरकार में अंतर्कलह का मामला सामने आया है। खेल मंत्री अशोक चांदना ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मंत्री पद से मुक्त करने की मांग की है। इसके लिए उन्होंने ट्वीट भी किया है। अशोक चांदना ने लिखा, ‘माननीय मुख्यमंत्री जी मेरा आपसे व्यक्तिगत अनुरोध है की मुझे इस ज़लालत भरे मंत्री पद से मुक्त कर मेरे सभी विभागों का चार्ज श्री कुलदीप रांका जी को दे दिया जाए, क्योंकि वैसे भी वो ही सभी विभागों के मंत्री है। धन्यवाद’ खेल मंत्री अशोक चांदना के इस ट्वीट के बाद राजस्थान में राजनीति तेज हो गई है। बीजेपी नेता भी लगातार रिट्वीट करते हुए सरकार पर हमला बोल रहे हैं। बताया जा रहा है कि उदयपुर के नव संकल्प चिंतन शिविर के बाद से कांग्रेस में में आपसी घमासान मचा हुआ है। यह अंतर्कलह उस समय खुलसर सामने आ गई, जब खेल मंत्री अशोक चांदना ने ट्वीट करके सीएम से अपने पद से इस्तीफा देने की पेशकश कर दी। साथ ही उन्होंने अपने मंत्री पद को जलालत भरा बताया। अशोक चांदना के यह भी कहा है कि प्रमुख सचिव कुलदीप रांका को सारे विभागों को चार्ज दे दिया जाए। खेल मंत्री अशोक चांदना के इस ट्वीट पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने रिट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, ‘जहाज डूब रहा है… 2023 के रुझान आने शुरू।’ वहीं, केंद्र जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने लिखा है, ‘राजस्थान में स्किल डेवलपमेंट और यूथ अफेयर्स मंत्री अशोक चांदना जी ने अपने पदभार को ” जलालत” भरा बताते हुए गहलोत जी से मुक्त करने की मांग की है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में इतनी बड़ी जिम्मेदारी संभाल रहे युवा द्वारा ये शब्द कहना कांग्रेस सरकार को सामंतवादी साबित करता है। युवा मामलों के मंत्री यदि जलालत का अनुभव कर रहे हैं तब राज्य के युवाओं का सोचिए?’
‘डूबती कांग्रेस सरकार से राजस्थान को भी मुक्ति दो’
पूर्व शिक्षा मंत्री और भाजपा नेता वासुदेव देवनानी ने कहा है कि, ‘राजस्थान की कांग्रेस सरकार में सरकार के मंत्री एव विधायकों का विश्वास नहीं हैं। रकार के मंत्री इस भ्रष्ट एव अकर्मण्य सरकार से मुक्ति मांग रहे हैं। सरकार में मंत्रियों का यह हाल हैं तो आम जन का कैसा होगा। माननीय मुख्यमंत्री जी अब इस डूबती कांग्रेस सरकार से राजस्थान को भी मुक्ति दो।’


