7 जून तक नहीं मिलेगी गर्मी से राहत, खजुराहो में पारा पहुंचा 45 डिग्री के पार

लोकमतसत्याग्रह/भोपाल मध्य प्रदेश में गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। बढ़ते तापमान से जीवन अस्त-व्यस्त है और सभी को बारिश का इंतजार है, लेकिन मौसम वैज्ञानिक के अनुसार सूर्य देव 7 जून तक आग बरसाएंगे। फिलहाल किसी प्रभावी मौसम प्रणाली के सक्रिय न रहने के कारण मध्यप्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। नमी कम रहने के कारण गर्मी के तेवर भी तीखे बने हुए हैं।

खजुराहो का हाल बेहाल

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 7 जून तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है। इसके बाद नमी बढ़ने से मानसून की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। उधर शुक्रवार को मध्य प्रदेश में सबसे अधिक 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया। खजुराहो देश के सबसे गर्म शहरों में तीसरे नंबर पर रहा और नौगांव और खजुराहों में भी लगातार लू चल रही है। शनिवार को सागर, रीवा, ग्वालियर, चंबल संभागों के जिलों  में लू चलने की संभावनाएं है।

अरब सागर में ठहरा मानसून

वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन अरब सागर में मानसून फिलहाल ठहरा हुआ है। इस वजह से वहां से नमी नहीं आ रही है। इस वजह से मध्य प्रदेश में मानसून पूर्व की गतिविधियों में तेजी नहीं आ रही है। मौसम शुष्क बना रहने के कारण तापमान बढ़ रहा है। बिते दिन प्रदेश के 22 शहरों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहा। तो वहीं राजधानी में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक ये मौसम का हाल अभी तीन-चार दिन तक ऐसा ही बना रहेगा।

Leave a comment