बाकुड़ा में फंदे से लटकता मिला BJP कार्यकर्ता का शव, 24 घंटे में 2 की गोली मारकर हत्या, भाजपा ने उठाए सवाल

बांकुड़ा के कोतुलपुर थाना क्षेत्र के पथरचटी गांव में भाजपा के कार्यकर्ता सहदेव का फंदे से लटकता शव मिला है। भाजपा का कहना है कि मृतक भाजपा का कार्यकर्ता है और उसे मार दिया गया।

लोकमतसत्याग्रह/पश्चिम बंगाल राजनीतिक हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। लंबे समय से राज्य में लगातार हिंसक वारदात हो रही हैं। ताजा घटनाक्रम के अनुसार पिछले 24 घंटे में दो की गोली मार कर हत्या कर दी गई है, वहीं भाजपा के एक कार्यकर्ता का फंदे से लटकता शव मिला है। खबरों के अनुसार पश्चिम मिदनापुर के खड़गपुर में एक व्यापारी की रात के अंधेरे में बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सोमवार की रात खड़गपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर 20 के पुराने बंदोबस्त क्षेत्र में माता मंदिर के पास हुई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय वेंकट उर्फ ​​प्रसाद राव के रूप में हुई है। खबरों के अनुसार खड़गपुर में वेंकट सोमवार रात करीब 10 बजे माता मंदिर के पास खड़े थे। तभी दो-तीन लोग स्कूटी पर आए और उन पर फायरिंग करने लगे। वेंकट गोली लगने के बाद जमीन पर गिर गए। आनन—फानन में उन्हें खड़गपुर रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर, उत्तर 24 परगना के दत्तपुकुर में काशिमपुर नटुनपारा खेजुरतला में सोमवार की ही रात मनमाता मंडल की बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि उसकी मौत सुनिश्चित करने के लिए उसके सीने और सिर में गोली मारी गई। घटना से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

भाजपा कार्यकर्ता का मिला शव

बांकुड़ा के कोतुलपुर थाना क्षेत्र के पथरचटी गांव में भाजपा के कार्यकर्ता सहदेव का फंदे से लटकता शव मिला है। भाजपा का कहना है कि मृतक भाजपा का कार्यकर्ता है और उसे मार दिया गया। हालांकि शुरुआत में हत्या का कोई सबूत नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि यह मानसिक अवसाद का मामला है। हालांकि परिवार की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

भाजपा ने कानूनव्यवस्था पर उठाए सवाल

राज्य की कानून व्यवस्था की स्थिति पर भाजपा ने सवाल उठाए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने ममता सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बंगाल में गैंग वार चल रहा है। ये वही लोग हैं, जिनका इस्तेमाल कर टीएमसी सत्ता में आयी है और वे चुनाव के दौरान टीएमसी के लिए काम करते हैं और अब अशांति पैदा कर रहे हैं। यह पूरी तरह से प्रशासनिक विफलता है।

Leave a comment