लोकमतसत्याग्रहदिल्ली। बॉक्स ऑफिस पर अक्सर शुक्रवार (1 जुलाई) को एक दो फिल्मों के बीच टक्कर हो ही जाती है। इनमें कोई बाजी मार ले जाती है तो कोई मात खा जाती है। लेकिन इस बार टिकट खिड़की पर ये भिड़ंत जरा हटकर होने जा रही है। इस बार बड़े पर्दे पर जो दो फिल्में रिलीज होने जा रही हैं, उनका एक-दूसरे से खास कनेक्शन है। दोनों फिल्मों का यह जुड़ाव जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। तो आइए जानते हैं आखिर दोनों फिल्मों के बीच कौन सी चीज कॉमन है। बॉक्स ऑफिस पर इस शुक्रवार को आर माधवन की ‘रॉकेट्री: द नांबी इफेक्ट’ रिलीज हो रही है। वहीं, इसके साथ आदित्य रॉय कपूर की फिल्म ‘राष्ट्र कवच ओम’भी सिल्वर स्क्रीन पर दस्तक दे रही है। दोनों ही फिल्मों में समानता ये है कि दोनों की कहानी भारतीय वैज्ञानिक के इर्द गिर्द बुनी गई है।
इस वैज्ञानिक की बायोपिक है रॉकेट्री
रॉकेट्री द नांबी इफेक्ट इसरो के पूर्व वैज्ञानिक नंबी नारायण की बायोपिक है। ये फिल्म उनके जीवन के लक्ष्य जीतने की कहानी के साथ ही निजी जिंदगी को लेकर भी कहानी बयां करेगी कि कैसे एक वैज्ञानिक पर झूठे आरोप लगाए गए लेकिन फिर भी उन्होंने हार नहीं मानी। अपने पूरे करियर में नांबी ने कई तरहों से इसरों के लिए काम किया। फिल्म रॉकेट्री में अभिनेता आर माधवन नांबी नारायण की मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे ही इसके अलावा अभिनेत्री सिमरन फीमेल लीड रोल में नजर आने वाली हैं। वहीं फिल्म में गुलशन ग्रोवर कथित एपीजे अब्दुल कलाम की भूमिका में हैं वहीं राजिथ कपूर, रवि राघवेंद्र, मिशा घोषाल और अन्य पात्र अलग-अलग किरदारों में दिखाई देंगे। जबकि इस फिल्म में शाहरुख खान और सूर्या कैमियो करते दिखेंगे।
आदित्य का नया अवतार
फिल्म आशिकी 2 से चॉकलेटी बॉय की इमेज बनाने वाले एक्टर आदित्य रॉय कपूर बॉलीवुड के नए हैंडसम हंक हैं। आदित्य की अपकमिंग फिल्म राष्ट्र कवच ओम में उनका एक्शन अवतार देखने को मिलेगा। इस फिल्म के लिए फैन्स काफी उत्साहित हैं। बता दें कि फिल्म राष्ट्र कवच ओम 1 जुलाई को सिनेमाघरो में रिलीज होने वाली है। कपिल वर्मा द्वारा निर्देशित इस फिल्म में बॉलीवुड एक्टर दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म दिल बेचारा में नजर आईं अदाकारा संजना सांघी भी लीड रोल में नजर आएंगे। यह पहली बार है जब आदित्य रॉय कपूर और संजना सांघी एक साथ पर्दे पर नजर आएंगे। फिल्म की कहानी भारतीय वैज्ञानिक के इर्द गिर्द बुनी गई है। आदित्य की फिल्म में जैकी श्रॉफ भारतीय वैज्ञानिक का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म पूरी तरह से काल्पनिक है।


