लोकमतसत्याग्रह/भोपाल। राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू भोपाल पहुंची। यहां उनका स्वागत सीएम शिवराज, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने किया। इस दौरान राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल समेत के साथ तमाम बीजेपी नेता उपस्थित रहे। सभी आदिवासी (tribal) नेता स्टेट हैंगर पर एनडीए उम्मीदवार की आगवानी में मौजूद रहे। स्टेट हैंगर पर आदिवासी समाज के भाई-बहनों ने परंपरागत वेषभूषा में नृत्य कर द्रौपदी मुर्मू का स्वागत किया। स्टैंट हैंगर से मुर्मू सीधे मुख्यमंत्री आवास के लिए रवाना हुईं। जहां विधायकों और सांसदों के साथ बैठक में भाग लेगी। इसके बाद शाम को दिल्ली रवाना हो जाएंगी। देश के राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए मतदान 18 जुलाई को होगा।
मैं अपने संवैधानिक दायरे में रहकर सेवा करने को तैयार हूं– मुर्मू
द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता को भी नमन करती हूं। मैंने मेरे लिए नहीं, इस देश की जनता को गर्व महसूस कराने के लिए राष्ट्रपति पद का प्रत्याशी बनने के लिए हां भरी। मुर्मू ने कहा कि मेरे आगे पीछे कोई नहीं है। देश की जनता के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक विकास के लिए काम करना है। मैं अपने संवैधानिक दायरे में रहकर सेवा करने को तैयार हूं। मुझे खुशी है कि आज संगठन के अलावा दूसरे दल भी मुझे समर्थन देने के लिए आगे आ रहे हैं।आप सभी लोगों का बहुत-बहुत धन्यवाद। शिवराज सिंह चौहान 4 बार मुख्यमंत्री बने हैं। यह राज्य हमारा है इसलिए इस राज्य का सहयोग समर्थन मुझे मिलेगा। लेकिन फिर भी चाहा कि मुझे जाना ही है। द्रौपदी मुर्मू ने कहा भारत के हृदय पावन मध्य प्रदेश ने मुझे जिस तरह का स्वागत दिया, ये भव्य स्वागत मेरी ज़िंदगी में पहली बार हुआ है। इसे मैं कभी भी भूल नहीं पाऊंगी।
सीएम शिवराज ने कांग्रेस पर किया हमला
शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री का आभार प्रकट करता हूं कि पहली बार एक जनजातीय आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति होंगी। जिस तरह से कई दल द्रौपदी मुर्मू का समर्थन कर रहे हैं। शिवसेना ने समर्थन कर दिया, आंध्रप्रदेश में तो सारे के सारे वोट उन्हीं के पक्ष में जा रहे हैं। बीजेपी ने भी समर्थन किया। एक नहीं कई दल समर्थन लगातार करते जा रहे हैं। मुर्मू जी के जीवन की आप गहराई देखेंगे तो संघर्षों से भरा, संयमपूर्ण और दृढ़-संकल्प वाला रहा है। उन्होंने मुर्मू के निजी जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके संघर्षों को बताया। सीएम शिवराज ने कहा कि यशवंत सिन्हा भोपाल आए थे। उनके साथ कांग्रेस के लोगों ने अनर्गल बातें की हैं। बीजेपी तो शुद्ध रूप से अपना काम करती है, लेकिन बेचैनी वहां भी है कि वोट न चले जाएं। उसके बाद बात की जा रही थी कि बीजेपी वाले किसी को प्रलोभन दे रहे हैं, किसी को खरीदने की बात कर रहे हैं, अरे यहां तो पहले से ही इतने वोट हैं कि प्रलोभन का कोई प्रश्न ही पैदा नहीं होता। पूरा देश तो दीदी के साथ खड़ा हुआ है। हमारे जनजातीय कलाकार चाहे, वह स्टेट हैंगर पर हो और चाहे यहां हो अभी से नहीं ये कई घंटों से नाच रहे हैं। क्योंकि इसमें कोई बनावटपन नहीं है सारा हृदय का आनंद है जो, यहां नृत्य के रूप में प्रकट हो रहा है।
आईएएस सतेंद्र सिंह को मप्र का पर्यवेक्षक बनाया
बता दें इससे पहले विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा भी भोपाल पहुंचे। उन्होंने गुरुवार को कांग्रेस विधायक दल के साथ बैठक की। इसमें बीजेपी पर राष्ट्रपति चुनाव में वोट डालने के लिए खरीद फरोख्त का आरोप लगाया। मध्य प्रदेश में राष्ट्रपति पद के लिए वोट विधानसभा में डाले जाएंगे। 18 जुलाई को मतदान होगा। भारत निर्वाचन आयोग ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए झारखंड कैडर के आईएएस अधिकारी सतेंद्र सिंह को मध्य प्रदेश का पर्यवेक्षक बनाया है। सिंह निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराना सुनिश्चित करेंगे।
बीजेपी की आदिवासी वोट बैंक पॉलिटिक्स
बीजेपी को 2018 में मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनावों में हार मिली थी। बड़ी वजह थी आदिवासियों की रिजर्व सीटों पर पार्टी की पराजय। ऐसे में अगर पार्टी को 2023 में विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करना है तो उसे आदिवासियों की रिजर्व सीटों पर स्थिति मजबूत करनी होगी। बीजेपी ने इस मिशन को पिछले साल ही शुरू कर दिया था। जब बिरसा मुंडा की याद में जनजातीय गौरव दिवस मनाया। फिर हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम रानी कमलापति कर दिया। इतना ही नहीं, इंदौर और आसपास की कई जगहों को टंट्या भील का नाम दिया गया। बीजेपी ने मुर्मू के भोपाल में स्वागत में भी आदिवासी थीम रखी। एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री निवास तक जनजातीय परंपराओं के प्रतीकों से रास्ते को पाट दिया गया। मुर्मू के जीतने पर सभी आदिवासी गांवों में बीजेपी जश्न मनाने वाली है। बीजेपी सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने जनजातीय वेशभूषा में कमलनाथ से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि कांग्रेस के विधायक द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में वोट करेंगे।


