लोकमतसत्याग्रह/इंदौर।मध्यप्रदेश के इंदौर से लव जिहाद का मामला सामने आया है। यहां आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक लड़की पर धर्म बदलकर शादी करने का दबाव बनाया जा रहा है। जबकि लड़की की उम्र महज 13 साल बताई जा रही है। पीड़त के घरवालों का कहना है कि इस घटना के बाद से लड़की डिप्रेशन में चली गई है। आरोपी लड़के का नाम दानिश बताया जा रहा है, जिसकी उम्र 19 साल है। लड़की ने इसकी जानकारी सबसे पहले अपनी मां को दी। इसके बाद घरवालों ने हिंदूवादी संगठनों के साथ पुलिस को इसकी जानकारी दी। आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह है पूरा मामला
पीड़ित लड़की ने पुलिस को बताया है कि वो 4 महीने पहले दवा लेने के लिए एक मेडिकल स्टोर पर गई थी और वहीं पर दानिश से उसकी पहली बार मुलाकात हुई थी। पहली मुलाकात में दानिश ने अपने आप को हिंदू बताते हुए अपनी बातों में फंसा लिया और मदद के बहाने उसका मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद दानिश ने उसे फोन किया जिसे उसने इग्नोर किया। लेकिन बाद में दानिश से फोन पर बातचीत होने लगी। कुछ दिन तक बातें करने के बाद दानिश ने एक दिन उसे मिलने के लिए बुलाया। जब वह उससे मिलने पहुंची तो दानिश ने उसके साथ कुछ फोटो खींच लिए। इसके बाद उसने पीड़ित लड़की के साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की लेकिन लड़की वहां से भाग निकली।
फोटो वायरल करने की धमकी दी
इस घटना के कुछ दिन बाद दानिश ने फोन कर उसे बताया कि वो हिंदू नहीं है। लेकिन उससे शादी करना चाहता है। इसके लिए उसे अपना धर्म बदलना होगा और अगर उसकी बात नहीं मानी तो वो फोटो एडिट करके वायरल कर देगा।
आरोपी हुआ गिरफ्तार
पीड़ित लड़की ने घरवालों को सारी घटना बताई। तभी दानिश ने फोन कर पीड़ित लड़की को मिलने के लिए बुलाया लेकिन इस बार लड़की ने हिम्मत जुटाई और माता-पिता को साथ लेकर दानिश से मिलने पहुंच गई। माता-पिता ने हिंदू संगठन के लोगों को भी पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद हिंदू संगठन के लोग भी मौके पर पहुंचे और दानिश को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पीड़ित छात्रा की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, लव जिहाद और छेड़छाड़ की धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।


