लोकमतसत्याग्रह/इंदौर। इंदौर के पास ग्राम बड़गोड थाना क्षेत्र बेरछा में 14 अगस्त (रविवार) रात एक युवक ने भीड़ के बीच में बम फेंक दिया। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए। चार गंभीर घायलों को देर रात इंदौर लाया गाया। वहीं 11 का महू अस्पताल में उपचार चल रहा है।
शराब पीते वक्त किसी बात पर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार झंडा वंदन के आयोजन की तैयारी हो रही थी। वहां पर दो गुट आपस में बैठकर शराब पी रहे थे। तभी अचानक किसी बात को लेकर आपसी विवाद हो गया। ये विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक आर्मी की फायरिंग रेंज में छोड़ने वाले बम को उठा कर लाया और फिर भीड़ में उसे फेंक दिया। इसमें दो लोगों की मृत्यु मौके पर ही हो गई। वही 15 घायल हो गए। घायलों में 7 महिला, दो बच्चे और बाकी पुरुष है।
बेरछा में है प्रेक्टिस रेंज
दरअसल बेरछा में आर्मी की बम फोड़ने की प्रेक्टिस रेंज है। कई बार बम नहीं फूटने पर यही पड़े रहते हैं, जिसे कुछ धातु निकालकर बेचने के लालच में उठा लाते हे।


