लोकमतसत्याग्रह/भोपाल देश के कई राज्यों में जबर्दस्त बारिश हो रही है। मध्यप्रदेश सहित पहाड़ी राज्य उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से बुरा हाल है। कई जगहों पर बाढ़ जैसी स्थिति है, तो कई जगहों से लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आ रही हैं। वहीं, मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश से नदियां उफान पर हैं। इसके अलावा राजस्थान और कश्मीर में भी भारी बारिश (Heavy Rainfall) से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। झारखंड में 7 और हिमाचल में अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है। उत्तराखंड में भारी नुकसान की खबर है। मौसम के मिजाज को देखते हुए मध्यप्रदेश में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। भोपाल में सुबह 8:30 से रात 8:30 बजे तक 12 घंटे में 4 इंच से ज्यादा बारिश हो गई। यहां सीजन में बारिश का कुल आंकड़ा 56.44 इंच पर पहुंच गया।
इन क्षेत्रों में होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश में बना दबाव क्षेत्र पश्चिमी व उत्तर पश्चिमी इलाके में आगे बढ़ रहा है। यह राज्य में दमोह के आस-पास केंद्रित है। इसके असर से पश्चिमी मध्यप्रदेश और पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही मध्य महाराष्ट्र में कुछेक स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। इसी तरह पूर्वी मध्यप्रदेश, दक्षिण उत्तर प्रदेश, पश्चिम राजस्थान और उत्तरी गुजरात में भी आज भारी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार उक्त राज्यों के कुछ इलाकों में बाढ़ के भी हालात बन सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में भी अगले कुछ दिनों में भारी वर्षा हो सकती है।
रेड अलर्ट जारी हुआ
मौसम विभाग ने राज्य के कुछ जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताते हुए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। बारिश की चेतावनी को देखते हुए भोपाल, जबलपुर, उमरिया, मंडला और डिंडौरी जिले में आज यानी 22 अगस्त को सभी स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। भोपाल जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी करते हुए प्ले स्कूल से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी सरकारी एवं प्राइवेट स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।


