लोकमतसत्याग्रह/गुरुवार को उत्तरप्रदेश भाजपा ने अपने नए अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। भूपेन्द्र सिंह चौधरी को उत्तरप्रदेश बीजेपी का नया अध्यक्ष बनाया गया है। बता दें भूपेन्द्र सिंह चौधरी योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। अध्यक्ष के नामों के लिए उनकी चर्चा काफी लंबे समय से हो रही थी। अध्यक्ष के रेस में वो पहले से सबसे आगे थे। उन्होंने स्वतंत्र देव सिंह की जगह ली है। भूपेन्द्र सिंह चौधरी यूपी के जाट समाज के ताल्लुकात रखते हैं। उन्होंने बुधवार को ही दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी।
कहा जा रहा है पार्टी अभी से से 2024 में होने वाले चुनावों की तैयारी कर रही है। इसी मकसद से पार्टी ने भूपेन्द्र सिंह चौधरी को यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया है। रिपोर्ट की माने तो 2024 चुनावों को ध्यान में रखते हुए पश्चिम यूपी पर अपनी पकस मजबूत बनाने के लिए भाजपा ने भूपेन्द्र सिंह चौधरी को अपना नया अध्यक्ष चुना है। जाट वोट बैंक के लिए भूपेन्द्र सिंह सबसे मजबूत नेता माने जाते है।
वहीं रिपोर्ट के मुताबिक नए यूपी भाजपा अध्यक्ष केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के भी बहुत करीब है। 2014 में चौधरी ने लोकसभा चुनाव के दौरान 80 में से 71 सीटों पर जीत पाई थी। चौधरी 2007 से 2012 तक पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। वहीं 2011 से 2018 तक लगातार तीन बार पश्चिम यूपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष भी बन चुके हैं।
बता दें कि राजनीतिक गलियारे में चर्चा चल रही थी कि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को यूपी बीजेपी के नए अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया जा सकता है. दरअसल, ये कयास तब शुरू हुआ था जब केशव प्रसाद ने एक ट्वीट किया था जिसमें उन्होंने लिखा कि संगठन सरकार से बड़ा है और मुझे जो भी आदेश मिलेगा मैं उसका सम्मान करूंगा. पार्टी ने अब भूपेंद्र चौधरी के नाम का ऐलान कर सभी कयासों पर विराम लगा दिया है.
एक प्रभावशाली ओबीसी नेता केशव प्रसाद मौर्य ने 2017 के यूपी विधानसभा चुनावों के दौरान उत्तर प्रदेश बीजेपी प्रमुख के रूप में कार्य किया था. मौर्य को हाल ही में स्वतंत्र देव सिंह के स्थान पर विधान परिषद में पार्टी विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया.


