एशिया कप का आगाज आज से, श्रीलंका- अफगानिस्तान के बीच खेला जाएगा पहला मैच

लोकमतसत्याग्रह/एशिया कप क्रिकेट की शनिवार से यहां शुरुआत होने जा रही है। इस टूर्नामेंट में 15 दिन के अंदर 13 मैच खेले जाएंगे। पहले दोनों ग्रुप में टीमें दो-दो मैच खेलेंगी और सबसे नीचे रहने वाली टीम बाहर हो जाएगी। इसके बाद सुपर चार के मुकाबले शुरू होंगे और यहां बेहतर प्रदर्शन करने वाली दो टीमें फाइनल में जगह बनाएंगी। पहला मुकाबला शनिवार को श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच ग्रुप बी में खेला जाएगा। अफगानिस्तान ने अपने पिछले पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में से तीन में जीत दर्ज की है। दूसरी ओर श्रीलंका को अपने पिछले पांच में से चार में हार मिली है।

 दोनों ही देशों में बीते कुछ समय में राजनीतिक हालात बेहद खराब रहे हैं। ऐसे में क्रिकेट खिलाड़ी देशवासियों को अपने खेल से खुशी के चंद लम्हे देने में कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ने चाहेंगे।

श्रीलंका की कप्तानी दासुन सानुका तो वहीं अफगानिस्तान की कप्तानी मोहम्मद नबी के हाथों में होगी। श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच अभी तक एकमात्र टी-20 मुकाबला 2016 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान खेला गया था जहां श्रीलंका ने जीत दर्ज की थी। मगर पिछले कई सालों में अफगानिस्तान की टीम ने खुद को बेहतर करने के लिए काफी मेहनत की है और वह क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में बड़ा उलट फेर करने का माद्दा रखती है।

अगर क्वालिफायर हांगकांग को छोड़ दें तो बाकी पांच टीमें सात बार की चैंपियन भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश खास दिन प्रतिद्वंद्वी टीम को मात देने में सक्षम हैं। छह साल के बाद यह टूर्नामेंट टी-20 प्रारूप में हो रहा है। पहले इसका आयोजन श्रीलंका में होना था लेकिन आर्थिक संकट के चलते उसने मेजबानी से हाथ पीछे खींच लिए थे। 

बेशक, यूएई में हालात वैसे नहीं होंगे जैसे अक्तूबर-नवंबर में टी-20 विश्वकप में ऑस्ट्रेलिया में होने हैं लेकिन हुए टीमों के पास इस प्रारूप में अपनी तैयारियों का जायजा लेने और टीम संयोजन तय करने का भी मौका होगा। ऐसे में कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। फिर टी-20 की अनिश्चितता इसके रोमांच को और परवान चढ़ाएगी।

ये हैं एशिया कप के दोनों ग्रुप

ग्रुप : भारत, पाकिस्तान और हांगकांग।
ग्रुप बी : श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान।

सात बार की चैंपियन है भारतीय टीम 

भारतीय टीम का पहला मुकाबला 28 अगस्त को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के साथ खेलना है। सभी निगाह विराट कोहली पर होगी, जो फॉर्म में लौटने को बेताब होंगे। कप्तान रोहित शर्मा और केएल राहुल के प्रदर्शन पर भी फोकस रहेगा। इस टूर्नामेंट में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भारतीय टीम को कमी खल सकती है।

छुपारुस्तम हो सकता है अफगानिस्तान

अफगानिस्तान की कप्तानी मोहम्मद नबी कर रहे हैं। टीम में अपने से बेहतर रैंकिग की टीमों को हराने का हुनर है। स्पिनर राशिद खान उनका तुरुप का पत्ता साबित हो सकते हैं। बल्लेबाजी में अफगास्तिान को बेहतर करने की जरूरत है।

श्रीलंका के लिए मुश्किलों के बीच मौका

श्रीलंका टीम अपने नए कोच क्रिस सिल्वरवुड के मार्गदर्शन में उतरेगी। टीम में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उनके पास मौका है जो आर्थिक संकट से जूझ रहे अपने देश के लोगों के चेहरे पर मुस्कराहट लौटा सकते हैं।

Leave a comment