लोकमतसत्याग्रह/इंदौर के परदेसी पुरा थाना क्षेत्र के पास स्थित एक निजी कंपनी में काम करने वाले सात कर्मचारियों ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। जानकारी के अनुसार कर्मचारियों ने गुरुवार सुबह आत्महत्या करने की नियत से एक साथ जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
बताया जा रहा है कि कंपनी ने हाल ही में सातों कर्मचारियों को काम से निकाल दिया था, जिसके चलते उन्होंने ये कदम उठाया। फिलहाल सभी कर्मचारियों को इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां इलाज जारी है। आत्महत्या करने वालों में जमनाधर विश्वकर्मा, दीपक सिंह, राजेश मेमियोरिया, देवीलाल करेडिया, रवि करेड़िया, जितेंद्र धमनिया, शेखर वर्मा शामिल हैं। घटना के बाद से कंपनी मालिक रवि बाफना और पुनीत अजमेरा लापता हैं। फिलहाल परदेशी पुरा पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कर्मचारियों ने पूछताछ में बताया कि सातों कर्मचारी साल से यहां काम कर रहे हैं। बुधवार को कंपनी के मालिक रवि बाफना और पुनीत अजमेरा ने उन्हें गुरुवार से काम पर नहीं आने के लिए कहा था। उनसे कहा गया था कि अब यहां उनके लायक काम नहीं है। इस बात को लेकर कर्मचारियों से उनकी बहस भी हुई थी। इसके बाद गुरुवार को वह यहां मालिक से फिर से बात करने पहुंचे थे।
प्रोडक्शन बंद, छंटनी शुरू
कर्मचारी अनिल निगम ने बताया कि दोनों मालिक रवि और पुनीत ने इलेक्ट्रानिक कॉम्प्लेक्स और एमआर 10 पर दो अन्य फैक्ट्रियां डाली थीं। उन्होंने यहां माल बनवाना बंद कर दिया था। ऑर्डर होने के बाद भी यहां काम नहीं करवाया जा रहा था। इसे लेकर मालवा मिल स्थित अजमेरा वायर पर कर्मचारियों की छंटनी की गई। यहां कर्मचारियों पर काफी दिन से काम छोड़ने को लेकर दबाव भी बनाया जा रहा था।
परिवार पर आ जाएगा संकट
एक कर्मचारी जमनाधार ने बताया कि उसके परिवार में पिता को लकवा है। दो बेटियां हैं, जो पढ़ाई कर रही हैं। अचानक नौकरी जाने से उनके परिवार पर संकट आ जाएगा। वह यहां 20 साल से काम कर रहे हैं। अब क्या नया काम करेंगे। कर्मचारी दीपक के परिवार में पत्नी, बेटा और माता-पिता हैं। वहीं, राजेश के परिवार में तीन बच्चे, पिता और एक भाई है। देवीलाल के परिवार में माता-पिता, पत्नी और दो बच्चे हैं। रवि के परिवार में भी दो बच्चे, पत्नी और माता-पिता हैं। जितेंद्र के तीन बच्चे और पत्नी हैं। शेखर तीन बहनों में इकलौता है। परदेशीपुरा पुलिस के मुताबिक पूरे मामले में जांच की जा रही है। बयान के बाद मालिक पर प्रताड़ित करने को लेकर प्रकरण दर्ज किया जा सकता है।
मालिक बोले- मजदूरों को दूसरी फैक्ट्री में भेज रहे थे
रवि बाफना ने बताया कि उनकी फैक्ट्री (अजमेरा वायर प्रोडक्ट्स) में मॉड्यूलर किचन की ट्रे बनाई जाती है। पिछले 8-9 महीने से काम ठीक नहीं चल रहा है। काम के अगेंस्ट में मजदूरों की संख्या ज्यादा है, इसीलिए अपनी दूसरी फैक्ट्री में मजदूरों को भेजने के लिए बात की गई थी। सभी सहमत भी थे, लेकिन आज अचानक मजदूरों ने आकर ऐसा व्यवहार किया। दूसरी फैक्ट्री बापट चौराहे के आगे टोल टैक्स के पास है, जहां आयशर के पार्ट्स बनाए जाते हैं।


