लोकमतसत्याग्रह/सागर में अग्निवीर सेना भर्ती रैली शुरू हो चुकी है। भर्ती के दूसरे दिन शनिवार को ग्वालियर और निवाड़ी जिले के 6200 से अधिक युवा शामिल होंगे। भर्ती रैली के लिए तैयारियां पूरी हैं। बारिश के कारण मैदान पर कीचड़ व पानी होने से पहले दिन युवाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिसके बाद प्रशासन ने नगर निगम की स्वीप मशीन व अन्य तरीकों से मैदान की व्यवस्थाएं सुचारू करा ली हैं।
भर्ती के दूसरे दिन रैली में ग्वालियर के 4 हजार 976 और निवाड़ी जिले के 1 हजार 176 कुल 6 हजार 212 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। भर्ती रैली के दौरान शिक्षा विभाग और अन्य विभागों के कम्प्यूटर ऑपरेटरों द्वारा आधार सत्यापन व मार्कशीट सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। फौज के अधिकारी प्रतिभागियों के कक्षा 10वीं, 12वीं व अन्य दस्तावेजों का सत्यापन कर रहे हैं। रैली स्थल पर ही ऊंची कूद, लंबी कूद, हाई जंप समेत अन्य गतिविधियां कराई जा रही हैं। समय-सारणी के अनुसार रैली के सभी कार्य किए जा रहे हैं।
सागर–छतरपुर रोड पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद
पुलिस अधीक्षक तरुण नायक ने बताया कि रैली स्थल पर सुरक्षा के लिहाज से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। जिससे कहीं भी कोई असुविधा का सामना न करना पड़े। सागर-छतरपुर मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई है। भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। उन्होंने अस्थाई बस स्टैंड और पार्किंग में भी पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं। पूरी प्रक्रिया की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।
फोटोकाफी व कियोस्क सेंटर खोला गया
कर्नल संतोष कुमार ने बताया कि रैली स्थल पर जिला प्रशासन ने फोटोकाफी मशीन, एमपी ऑनलाइन कियोस्क सेंटर, नोटरी आदि की व्यवस्था कराई गई है। ताकि भर्ती में शामिल होने आने वाले युवाओं को परेशानी न हो। चाय, पानी, नाश्ता, खाना के लिए भी व्यवस्था की गई है। रैली स्थल पर जिला रोजगार अधिकारी एमके नागवंशी, अंगूरी सिंह, मेजर सुल्तान सिंह व्यवस्थाओं को सुचारू करा रहे हैं।
पहले दिन बारिश के कारण देर से शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया
अग्निवीर भर्ती रैली के पहले दिन सागर और श्योपुर जिले के करीब 7 हजार युवाओं ने आवेदन किया था। लेकिन करीब 4 हजार युवा भर्ती रैली में शामिल हुए। बारिश से भर्ती रैली प्रभावित हुई। रात 3 बजे से शुरू होने वाली भर्ती प्रक्रिया सुबह 6 बजे शुरू हो सकी। भर्ती के दौरान रैली स्थल पर सबसे पहले भर्ती में शामिल युवाओं की दौड़ कराई गई। दौड़ में चयनित युवाओं की शारीरिक दक्षता की जांच की गई। उसके बाद मेडिकल अधिकारियों ने उनकी मेडिकल जांच की। कलेक्टर दीपक आर्य ने बताया कि अग्निवीर भर्ती रैली में बारिश के कारण पहले दिन कुछ दिक्कतें आई थी। लेकिन उन्हें दुरुस्त कर लिया गया है। भर्ती के लिए तैयारियां पूरी हैं। भर्ती में सभी को मौका मिलेगा। युवा शांति बनाए रखें।
