लोकमतसत्याग्रह/स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 के क्रम में शहर में कभी भी केंद्रीय दल दस्तक शुक्रवार दे सकता है। इसके चलते नगर निगम में अलर्ट जारी किया गया ह। सुबह से अधिकारी सड़कों पर हैं। सफाई अभियान के साथ-साथ अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। केंद्रीय दल शहर के वाटर और सीवर ट्रीटमेंट प्लांट सहित लैंडफिल साइट का निरीक्षण कर सकता है। इसको देखते हुए नगर निगम के अमले को अलर्ट पर रखा गया है। निगम अधिकारियों का ज्यादा ध्यान केदारपुर स्थित लैंडफिल साइट पर है, क्योंकि यहां कचरे के पहाड़ लगे हुए हैं। अभी तक कचरे के वैज्ञानिक पद्धति से निस्तारण की प्रक्रिया भी नगर निगम शुरू नहीं कर पाया है। न ही कचरे से खाद बनाने का काम आगे बढ़ पाया है। ऐसे में लैंडफिल साइट से शहर के अंक कटने की संभावना बनी हुई है।
केंद्रीय दल के आने की संभावना को देखते हुए नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल ने निर्देश दिए हैं कि सभी वार्ड मानिटर सुबह के समय क्षेत्र में निकलें और अपने सामने सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। निगम का लक्ष्य है कि इस बार देशभर के शीर्ष पांच शहरों में शामिल होना है, लेकिन इसमें लैंडफिल साइट पर लगे कचरे के ढेर दिक्कत खड़ी कर सकते हैं। गत दिवस निगमायुक्त ने लैंडफिल साइट का निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि कार्य में तेजी लाई जाए जिससे शहर से प्रतिदिन निकलने वाले लगभग 450 टन कचरे का रियूज किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण किया और पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। केदारपुर प्लांट पर निरीक्षण के दौरान उपायुक्त अमरसत्य गुप्ता, नोडल अधिकारी महेंद्र अग्रवाल, प्लांट प्रभारी राकेश कश्यप आदि मौजूद थे।
