दिल्ली से ग्वालियर आई इंडिगो की फ्लाइट बिना लैंड किए वापस,यात्री परेशान,बुजुर्गों की हालत बिगड़ी

लोकमतसत्याग्रह/हवाई सेवाओं में महंगा किराया लेने के बाद भी आपको बेहतर सेवा मिलेगी इसकी कोई गारंटी नहीं है। दूसरी खास बात यह कि हवाई सेवा गंतव्य तक जाएगी या नहीं यह भी तय नहीं है। ग्वालियर के बुजुर्ग दंपती के साथ ऐसा हुआ कि उनका सुविधा का हवाई सफर दुविधा बन गया। अकेले दंपती ही नहीं बल्कि पुणे से ग्वालियर के लिए आने वाले सभी यात्री परेशान हुए। 31 दिसंबर की सुबह की इंडिगो एयरलाइंस की हवाई सेवा के साथ यह हुआ। पुणे से जो फ्लाइट ग्वालियर के लिए बुक की वह दिल्ली तो पहुंच लेकिन ग्वालियर नहीं आई। आसमान में काफी देर चक्कर लगाने के बाद कम विजिबिलिटी के कारण फ्लाइट लौट गई। इसके साथ ही इसी दौरान मुंबई की और इंदौर की फ्लाइट ग्वालियर लैंड हो गई। दिल्ली फ्लाइट लैंड होने के कारण बुजुर्ग दंपती की तबीयत खराब हो गई,वे रात तक जैसे तैसे ट्रेन के जरिए परेशानी उठाकर ग्वालियर पहुंच सके। इसको लेकर बुजुर्ग दंपती की बेटी समीक्षा तैलंग ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर सवालिया निशान खड़े किए हैं।

समीक्षा तैलंग की यह पोस्ट:

31 दिसंबर की सुबह 7:35 की इंडिगो एयरलाइंस की पुणे से ग्वालियर फ्लाइट थी। मेरी मम्मी-पापा (सुधीर गोसावीं उम्र 71 व पत्नी सूरश्री गोसावीं निवासी ग्वालियर )उसमें सवार थे। कुछ दस मिनट देरी से निकली और समय पर 9:40 दिल्ली लैंड हो गई। उसके दो घंटे 11:45 बाद उनकी कनेक्टिंग फ्लाइट थी। जिसका ग्वालियर पहुंचने का समय दोपहर 1:00 बजे का था। टिकट के ही व्हीलचेयर भी बुक थी जो कि टिकट पर मेंशन था। फ्लाइट में सवार पायलट ने घोषणा की कि ग्वालियर में विजिबिलिटी कम है इसलिए फ्लाइट देर से चलेगी। फ्लाइट के कैबिनेट और गेट पूरी तरह खोल दिए गए जैसे अब शायद आगे जा ही नहीं पाए। उसके बाद 12:30 बजे के करीब फ्लाइट ने उडान भरी। 2:00 के आसपास फ्लाइट ग्वालियर में लैंडिंग के लिए तैयार थी। देर होने लगी तो मैंने फ्लाइट को लाइव देखना शुरु किया। फ्लाइट ने ग्वालियर के चार चक्कर काटे। उसके बाद वो वापिस दिल्ली के रास्ते मुड़ गई। उसके साथ ही साथ दो और फ्लाइट ग्वालियर पर लैंड होने वाली थीं जिसमें से एक इंदौर से आ रही थी और दूसरी मुंबई से। वो भी दोनों ग्वालियर के चक्कर लगाकर इधर-उधर हो गईं। फिर 15-20 मिनट बाद इंदौर और मुंबई की फ्लाइट ने ग्वालियर में लैंड किया। इधर दिल्ली वाली इंडिगो की फ्लाइट दिल्ली की तरफ वापिस चली गई और ठीक 2:45 के आसपास दिल्ली जाकर लैंड हो गई।

तबीयत बिगड़ी,व्हीलचेयर नहीं दी

समीक्षा की मां को अस्थमा और डायबिटीज है जिसकी वजह से उनके घुटने से नीचे ब्लड सर्कुलेशन रुक गया है। स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर 4:55 की ट्रेन के लिए भागना पड़ा और उनकी तबीयत बिगड़ी। एयर टिकट में व्हीलचेयर की सुविधा ली गई थी लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पर इंडिगो ने व्हीलचेयर देने में 45 मिनट लगा दिए। टिकट भी रिफंड नहीं किए और बेसिक फेयर के नाम पर 1900 रूपए लौटाए जबकि टिकट 13 हजार के बुक हुए थे।

इंडिगो ने कहा प्रवक्ता बताएंगे

इस बारे में ग्वालियर एयरपोर्ट पर इंडिगो के अधिकारियों से संपर्क किया तो यहां से इंडिगो कंपनी के प्रवक्ता से बात करने को कह दिया गया। उन्होने नंबर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया लेकिन काफी समय तक नंबर नहीं मिला।

Leave a comment