दिग्विजय के सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने पर बोले CM…:कांग्रेस के DNA में पाकिस्तान परस्ती; सिंधिया ने कहा- राष्ट्र विरोधी एक्टिविटी

लोकमतसत्याग्रह/जम्मू में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह के सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी से जवाब मांगा है। CM शिवराज ने कहा, मैं राहुल गांधी से जवाब मांगता हूं कि ये कैसी यात्रा है? टुकड़े-टुकड़े गैंग आपके साथ चल रही है। सेना का मनोबल गिराया जा रहा है। राहुल गांधी भी सवाल उठा रहे हैं कि सेना कमजोर होगी। ये देशभक्ति नहीं है। राहुल गांधी के साथ दिग्विजय सिंह भारत जोड़ो यात्रा में चल रहे हैं। दिग्विजय जी सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांग रहे हैं, इससे वे दिखा रहे हैं कि वे पाकिस्तान के साथ खड़े हैं। कांग्रेस के DNA में ही पाकिस्तान परस्ती है।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी पूर्व सीएम दिग्विजय को बयान पर घेरा है। उन्होंने कहा, इन्होंने राष्ट्र विरोधी एक्टिविटी की सूची में आज एक और को जोड़ा। दिग्विजय के भाई लक्ष्मण सिंह ने कहा- हमारी सेना पर हमें गर्व है। उन्होंने भी ट्वीट के जरिए अपनी बात रखी।

आज जब सर्जिकल स्ट्राइक और पुलवामा पर दिए गए बयान पर जम्मू में दिग्विजय सिंह से सवाल किया गया, तो बीच में कांग्रेस के सीनियर लीडर जयराम रमेश आ गए। बोले- प्रधानमंत्री से जाकर पूछिए। दिग्विजय सिंह ने सफाई में कहा- हम सुरक्षाबलों का काफी सम्मान करते हैं और उनको सर्वोच्च स्थान देते हैं।

दिग्गी के बयान से पार्टी का किनारा

दिग्विजय के बयान से पार्टी ने किनारा कर लिया है। जयराम रमेश ने कहा- इसके बारे में मैंने कल ट्वीट कर बिल्कुल साफ बताया था कि इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी का क्या रवैया है और इस पर मैं कुछ नहीं बोलूंगा। ट्वीट में जयराम रमेश ने लिखा, वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा व्यक्त किए गए विचार कांग्रेस के नहीं हैं। उनके व्यक्तिगत विचार हैं। 2014 से पहले UPA सरकार ने भी सर्जिकल स्ट्राइक की थी। राष्ट्रहित में सभी सैन्य कार्रवाइयों का कांग्रेस ने समर्थन किया है। आगे भी समर्थन करेगी।

दिग्विजय सिंह के बयान पर CM शिवराज बोले

दिग्विजय के राज में MP सिमी का गढ़ था

मुख्यमंत्री शिवराज ने भोपाल में कहा, ये कभी सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगते हैं, कभी राम के अस्तित्व का सबूत मांगते हैं, कभी राम सेतु का सबूत मांगते हैं। दिग्विजय सिंह ने भारत जोड़ो यात्रा में चलते-चलते यह बोला है। राहुल गांधी साथ चल रहे हैं। दिग्विजय सिंह सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांग रहे हैं। यह सेना का मनोबल गिराने का पाप कर रहे हैं। पाकिस्तान के साथ खड़े हैं, ये दिख रहा है। मैं तो राहुल गांधी से जवाब मांगना चाहता हूं कि यह कैसी भारत जोड़ो यात्रा है? टुकड़े टुकड़े गैंग आपके साथ चल रही है। सेना का मनोबल गिराया जा रहा है। दिग्विजय सिंह के राज में मध्यप्रदेश सिमी का गढ़ था। सेना का मनोबल गिराने के पाप कम से कम कांग्रेस न करे। राहुल गांधी से जवाब मांग रहा हूं कि कैसी भारत जोड़ो यात्रा है।

कमलनाथ पर बोले

अनुसूचित जनजाति की बैठक करने का अधिकार नहीं

कमलनाथ ने अनुसूचित जनजाति की बैठक बुलाई है। कांग्रेस को बैठक करने का अधिकार नहीं। पेसा एक्ट लागू नहीं किया। आदिवासी महापुरुषों के नाम पर स्मारकों के नाम नहीं रखे। एक बात का कमलनाथ जवाब दे दें कि विशेष पिछड़ी जाति बैगा, भारिया, सहरिया जनजाति की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए भाजपा सरकार देती थी। कमलनाथ की 15 महीने सरकार रही, तब आपने पैसा बंद क्यों किया?

सेना से मांग, अगली बार इन्हें प्लेन के नीचे बांधकर ले जाएं

भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा, सेना से मांग है कि अब जब भी सर्जिकल स्ट्राइक हो, इन्हें विमानों के नीचे बांधकर ले जाएं, जिससे ये पाकिस्तान की तबाही अपनी आंखों से देख सकें। इनको भी बमों के साथ वहां पटक दिया जाए। ये नेता खाते हिंदुस्तान की हैं, गाते पाकिस्तान की हैं।

सिंधिया का ट्वीट

दिग्विजय जी ने राष्ट्र विरोधी क्रियाओं की सूची में आज एक और को जोड़ा

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट में कहा, आतंकी ओसामा बिन लादेन को ओसामा जी, जाकिर नायक के साथ मंच साझा करना, अपने भाषणों से लगातार मातृ शक्ति के प्रति असम्मान, दिग्विजय जी ने अपनी राष्ट्रविरोधी क्रियाओं की सूची में आज एक और को जोड़ा है।

गृह मंत्री ने कमलनाथ से कहास्थिति स्पष्ट करें

दिग्विजय सिंह के बयान पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा- कमलनाथ को स्थिति साफ करनी चाहिए कि वो दिग्विजय के समर्थन में है कि खिलाफ। कश्मीर गए हैं, सेना कश्मीर की रक्षा कर रही है। आतंकवाद सुरक्षा, पाकिस्तान सुरक्षा, सेना का मनोबल तोड़ेंगे ही दिग्विजय सिंह, क्योंकि वे राहुल बाबा के यात्रा के प्रभारी हैं। राहुल बाबा के इशारे पर ही उन्होंने यह सब कुछ बोला होगा। जब भी देश के स्वाभिमान का प्रश्न आता है चाहे राहुल गांधी हो या दिग्विजय सिंह सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाते है। एयर स्ट्राइक पर सवाल, वैक्सीन पर सवाल, सेना पर सवाल, न्यायपालिका पर सवाल ये कोई भी देश को अपमानित करने का अवसर छोड़ते नहीं है।

Leave a Reply

Fill in your details below or click an icon to log in:

WordPress.com Logo

You are commenting using your WordPress.com account. Log Out /  Change )

Twitter picture

You are commenting using your Twitter account. Log Out /  Change )

Facebook photo

You are commenting using your Facebook account. Log Out /  Change )

Connecting to %s