लोकमतसत्याग्रह/तीनों शहरी विधानसभा क्षेत्रों में बुधवार को विकास यात्रा निकाली गई। ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में विकास यात्रा के दौरान ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने एक दिव्यांग और बुजुर्ग महिला की पेंशन तत्काल स्वीकृत कराई। वहीं पूर्व विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड 30 में निकाली जा रही विकास यात्रा का आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध करते हुए काले झंडे दिखाए। इस दौरान आप आदमी पार्टी के शिशुपाल सिंह, सुनील राजपूत, आशीष राय आदि कार्यकर्ताओं ने बीज निगम अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल से टूटी सड़कों और गंदगी के बारे में सवाल किए तो मुन्नालाल गोयल जबाव न देते हुए सिर्फ मुस्कुरा कर निकल गए।
लोगों ने की गंदगी और टिपर वाहन न आने की शिकायत
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने वार्ड 36 में सूबे की पाएगा जीवाजी गंज से विकास यात्रा शुरू की। इस दौरान बिजली व नगर निगम के 53 लाख से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। यात्रा के दौरान कई जगह गंदगी एवं नियमित टिपर वाहन न आने की शिकायत मिली, इस पर लोगों को ऊर्जा मंत्री ने व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। विकास यात्रा मुल्लाजी की सराय पहुंची, तो वहां दिव्यांग साइमा खान ने दिव्यांग पेंशन और सूबे की पायगा निवासी रशीदा बानो ने वृद्धा पेंशन नहीं मिलने की बात बताई। इस पर दोनों लोगों की पेंशन स्वीकृत कर सर्टिफिकेट दिए गए। वहीं आज विकास यात्रा वार्ड 10 में हनुमान मंदिर किला गेट चौराहा से शुरू होगी।
ग्वालियर दक्षिण विधानसभा:
वार्ड 52 में सफाई मित्रों का किया सम्मान
बुधवार को विकास यात्रा वार्ड 52 में गुढ़ा-गुढ़ी का नाका से शुरू हुई। यहां सभापति मनोज तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता, पूर्व एमआईसी सदस्य खुशबू गुप्ता ने वार्ड की विभिन्न गलियों में घूमकर लोगों को विकास कार्यों की जानकारी दी तथा स्वच्छता में सहयोग करने की अपील की। यहां शासकीय माध्यमिक विद्यालय पिपरी का निरीक्षण किया। यात्रा में सफाई मित्रों के सम्मान के साथ ही हितग्राहियों को लाभ वितरण एवं पौधरोपण किया गया। इस मौके पर विवेक जोशी, धर्मेंद्र सिंह कुशवाह, आशीष प्रताप सिंह राठौड़ आदि मौजूद थे। वहीं आज वार्ड 53 में विकास यात्रा लक्कड़खाना पुल से शुरू की जाएगी।
ग्वालियर पूर्व विधानसभा:
1.04 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया
बुधवार को विकास यात्रा थाटीपुर गांव गांधी भवन से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए पटेल नगर पहुंची। इस दौरान 68 लाख रुपए की सड़कों का लोकार्पण और 36 लाख के कार्यों का भूमिपूजन किया गया। विकास यात्रा में अलग-अलग स्थानों पर लगभग 65 हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ वितरण किया गया। इस दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन भी किया, जिसके चलते विकास यात्रा का रूट बदल दिया गया। इस मौके पर मप्र बीज निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, मध्यप्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष मुकेश चतुर्वेदी आदि मौजूद थे। आज वार्ड 29 और 30 की टाउनशिपों में विकास यात्रा निकाली जाएगी।