लोकमतसत्याग्रह/2024 लोकसभा चुनाव में जीत के लिए भाजपा ने देश की आधी आबादी को साथ लाने का मेगा प्लान बनाया है। भारतीय जनता पार्टी सोमवार को ‘एक करोड़ सेल्फी’ अभियान की शुरुआत कर रही है। अभियान बीजेपी का महिला मोर्चा कर रहा है। महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
कार्यक्रम की शुरुआत महाराष्ट्र से होगी। जिसे केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शाम 4 बजे लॉन्च करेंगी। इसमें उज्जवला और आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को जोड़ा जाएगा।
बीजेपी के 1 करोड़ सेल्फी कैंपेन के बारे में पढ़िए…
1. सेल्फी लेने वाला कौन होगा : BJP हर राज्य के पार्टी मुख्यालय से इस कैंपेन को चलाएगी। BJP की महिला कार्यकर्ता हर जिले की उज्ज्वला योजना, आयुष्मान कार्ड योजना, बैंक अकाउंट और शौचालय जैसी योजनाओं की लाभार्थियों से मिलेंगी। और उन्हें अपने साथ सेल्फी लेने के लिए प्रेरित करेंगी।
2. कैंपेन के लिए चयन कैसे होगा: राष्ट्रीय अध्यक्ष वनती ने यह साफ तौर पर कहा कि सेल्फी, महिला लाभार्थी की परिमशन के बाद ही ली जाएगी। इसके साथ ही साथ महिला का नाम, योजना, जिला और राज्य की जानकारी भी अपलोड की जाएगी।
3. कब तक पूरा होगा 1 करोड़ सेल्फी का लक्ष्य: यह कैंपेन अगले साल फरवरी तक चलेगा। बीजेपी का मानना है कि अकेले जन धन योजना से 25 करोड़ से अधिक महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। इसलिए बाकी योजनाओं के लाभार्थियों की संख्या भी करोड़ों में होगी।
500 महिला लाभार्थियों को शामिल करने का लक्ष्य
महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनीथी श्रीनिवासन ने बताया कि सेल्फी विथ बेनिफिशरी’ कैंपेन की कमान पार्टी की महिला विंग को दी गई है। हर राज्य के जिलों में वहां के सांसद और मंत्रियों को इस कैंपेन को शुरू करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस दौरान वहां के मंत्री और विधायक के अलावा पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे। हर कार्यक्रम में कम से कम 500 महिला लाभार्थियों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है।
सुषमा स्वराज के नाम पर दिया जाएगा अवॉर्ड
भाजपा की महिला मोर्चा की प्रमुख वनती श्रीनिवासन ने कहा कि पार्टी की महिला शाखा मार्च में भाजपा की दिवंगत दिग्गज नेता सुषमा स्वराज के नाम पर एक अवॉर्ड भी शुरू करेगी, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली 10 महिलाओं को हर जिले में सम्मानित किया जाएगा।
