लोकमतसत्याग्रह/आमजनों की समस्याओं से रूबरू होकर उनका निराकरण समय सीमा में कराने के उद्देश्य से दो मार्च को दोपहर 12 से दो बजे तक निगम मुख्यालय पर महापौर डा. शोभा सतीश सिंह सिकरवार लोक मंत्रणा करेंगी। इस कार्यक्रम के तहत महापौर द्वारा निगम के विभागीय अधिकारियों के साथ बैठकर आमजनों की समस्याएं सुनकर उनका मौके पर निराकरण कराया जाएगा। जिन समस्याओं का मौके पर निराकरण संभव नहीं होगा, उसके लिए एक निश्चित समय सीमा निर्धारित कर समस्या का निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत आमजन महापौर को शहर विकास के लिए अपने आवश्यक सुझाव भी दे सकेंगे।
सिटी सेंटर स्थित नगर निगम मुख्यालय के प्रशासनिक सभागार में महापौर लोक मंत्रणा कार्यक्रम के तहत आमजनों द्वारा जो समस्याएं बताई जाएंगी, उनको पंजीबद्ध कर निराकरण किया जाएगा। साथ ही जिन समस्याओं का निराकरण समय सीमा में किया जाना है, उनके लिए निराकरण के पश्चात संबंधित आवेदक को निराकरण के संबंध में जानकारी भी दी जाएगी। महापौर डा. शोभा सतीश सिंह सिकरवार ने बताया कि शहर के निवासियों द्वारा अलग-अलग कार्यक्रमों एवं क्षेत्र में भ्रमण के दौरान अपनी-अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया जाता है, जिनका निराकरण कार्यक्रमों एवं भ्रमण के दौरान करना संभव नहीं हो पाता है। इसी उद्देश्य से महापौर लोक मंत्रणा कार्यक्रम गुरुवार को प्रारंभ किया जा रहा है। इससे जहां लोगों की समस्याओं का निराकरण होगा, वहीं आमजनों की अपनी समस्याओं को बताने का एक मंच भी उपलब्ध होगा। निगम के अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित रहकर आमजनों की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में जो भी समस्याएं आएंगी, उनको न केवल पंजीबद्ध किया जाएगा बल्कि उनका निराकरण समय सीमा में सुनिश्चित भी किया जाएगी तथा की गई कार्यवाही से आवेदक को सूचित करने की कार्यवाही भी की जाएगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से कई शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का पूर्व में निराकरण भी किया गया है।
