लोकमतसत्याग्रह/ पश्चिमी विक्षोभ के असर से अरब सागर से नमी आ रही है। इसके चलते बिखरे-बिखरे बादल शुक्रवार को छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार व रविवार को अंचल के कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि ग्वालियर में आसार कम हैं। दक्षिणी-पश्चिमी हवा आने के कारण मार्च के शुरुआत से ही दिन व रात का पारा सामान्य से ऊपर चल रहा है।
इससे होली के पहले ही लोग गर्मी का अहसास कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छा रहे हैं। होली तक दिन का पारा 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। जबकि इसके बाद गर्मी रफ्तार पकड़ सकती है। शुक्रवार को सुबह से ही धूप तेज थी। इससे दोपहर में लोगों ने गर्मी का अहसास किया। पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 33.5 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 14.5 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक रहा। सुबह की आर्द्रता 77 फीसदी रही। यह सामान्य से 22 फीसदी अधिक रही। जबकि शाम की आर्द्रता 44 फीसदी रही।
आगे क्या… अंचल में बूंदाबांदी के आसार, शहर में कम संभावना
अरब सागर से नमी आ रही है। इससे ग्वालियर–चंबल संभाग के कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि ग्वालियर में बूंदाबांदी के आसार कम हैं।
–वेद प्रकाश सिंह, वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक
