लोकमतसत्याग्रह/शहर में स्ट्रीट डॉग के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रहीं हैं। जयारोग्य अस्पताल, जिला अस्पताल मुरार एवं सिविल अस्पताल हजीरा में रोजाना 200 से अधिक लोगों को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि शहर के अलग-अलग इलाकों में बच्चे, बूढ़े और महिलाएं स्ट्रीट डॉग के हमलों से घायल हो रहे हैं। इस डॉग्स को पकड़ने का अभियान धीमी गति से चल रहा है।
कई इलाकों में तो महीनों से डॉग केज वाली गाड़ी नजर ही नहीं आई है। ख्वाजा खानून क्षेत्र में द्वारिकापुरी, प्रेम नगर और आसपास के क्षेत्र में बढ़ती स्ट्रीट डॉग की संख्या के कारण कई परिवारों ने बच्चों को अकेले बाहर भेजने तक बंद कर दिया है। ऐसा करने पर उन्हें डर सताता रहता है कि न जाने कब कौन सा डॉग उनके बच्चे पर हमला कर दे। स्थानीय लोगों ने नगर निगम में कई बार शिकायत भी की, लेकिन यहां से स्ट्रीट डॉग नहीं पकड़े जा रहे हैं।
