लोकमतसत्याग्रह/ग्वालियर में एक नवविवाहिता की फांसी लगाकर मौत ने पुलिस को उलझा दिया है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को दो सुसाइड नोट मिले हैं। यही पुलिस की उलझन है। एक सुसाइड नोट महिला के उल्टे हाथ की हथेली पर लिखा है, जो नीले रंग की पेन से लिखा गया है। यह सुसाइड नोट तब पुलिस को दिखा जब पुलिस शव की जांच कर रही थी। इससे पहले पास ही एक कॉपी पर लिखा नोट मिला है।
इसमें लिखा है- मैं अपनी मौत के लिए स्वयं जिम्मेदार हूं। मायके वाले और ससुराल वाले कोई जिम्मेदार नहीं होगा। पर परेशानी यह है कि यह सुसाइड नोट ब्लैक स्याही से लिखा गया है। रूम में एक पेन पड़ा मिला है, जिसमें नीले रंग की स्याही है। अब यह सुसाइड नोट पुलिस के लिए मिस्ट्री बन गया है। सुसाइड नोट की सत्यता जानने के लिए पुलिस अब हैंड राइटिंग एक्सपर्ट से इनकी जांच कराएगी।
शहर के ग्वालियर थाना स्थित लधेड़ी निवासी आकाश कुशवाह की शादी तीन साल पहले साल 2020 में नरवर शिवपुरी निवासी 23 वर्षीय नेहा कुशवाह के साथ हुई थी। आकाश एक निजी अस्पताल में कर्मचारी है। शादी के बाद से नेहा परेशान थी। रविवार शाम को नेहा का पति नीचे रूम में था। ऊपर मंजिल पर नेहा ने बेड शीट का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। घटना का पता उस समय चला जब नेहा का पति आकाश रूम में पहुंचा। पत्नी को फांसी पर लटका देख उसने तत्काल परिजन व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। खुद सीएसपी ग्वालियर संदीप मालवीय वहां पहुंचे। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने शिवपुरी के नरवर में मृतका के मायके पक्ष को सूचना देकर शव को डेड हाउस में रखवा दिया है। परिजन देर रात ग्वालियर पहुंचे हैं। सोमवार सुबह मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
दो सुसाइड नोट, एक हाथ तो दूसरा कागज पर
जब पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल की जांच कर ही थी तो शव के कुछ दूरी पर कॉपी के कागज पर ब्लैक स्याही से लिखा हुआ था कि “मैं नेहा कुशवाह, अपनी मौत के लिए स्वंय जिम्मेदार हूं। न मायके वाले न ही ससुराल वाले कोई भी जिम्मेदार होगा’ पुलिस इसे सुसाइड नोट मानकर चल रही थी। पर जब पुलिस ने फांसी पर लटकी महिला के शव की पड़ताल शुरू की तो महिला की उल्टे हाथ की हथेली पर भी एक सुसाइड नोट मिला है। हथेली पर लिखा है “मैं अपनी मौत की जिम्मेदार स्वयं हूं’ पर इस लिखावट की स्याही का रंग नीला है। पुलिस को शव के पास ही एक नीले रंग की स्याही वाला पेन पड़ा भी मिला है। अब पुलिस उलझन में है कि और स्पॉट और कागज पर मिला सुसाइड नोट संदिग्ध नजर आ रहा है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
हैंड राइटिंग एक्सपर्ट से ली जाएगी सलाह
सीएसपी संदीप मालवीय का कहना है कि इस मामले में दो जगह सुसाइड नोट मिला है। दोनों की स्याही अलग-अलग रंग की है। अब सुसाइड नोट की जांच के लिए हैंड राइटिंग एक्सपर्ट की सलाह ली जाएगी। मर्ग कायम कर लिया है। सोमवार को मृतका के मायके पक्ष की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।


