वेब सीरीज में बढ़ती अश्लीलता पर भड़के कथावाचक देवकीनंदन:कहा- ऐसे एक्टर और डायरेक्टर को नोटिस देकर महिला आयोग क्यों नहीं करता कार्रवाई

लोकमतसत्याग्रह/कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर वेब सीरीज में बढ़ती अश्लीलता और आपत्तिजनक दृश्यों को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने महिला आयोग से पूछा कि ऐसी वेब सीरीज बनाने वाले एक्टर्स, प्रोड्यूसर्स और डायरेक्टर्स के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो रही। आयोग को इन लोगों को नोटिस भेजना चाहिए। ऐसी वेब सीरीज बंद होनी चाहिए। देवकीनंदन भोपाल के टीटीनगर दशहरा मैदान पर कथा करने आए थे। शनिवार को कथा का आखिरी दिन था। उन्होंने इस दौरान मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मंदिर निर्माण के लिए देशभर में आंदोलन करने का ऐलान किया था।

आने वाली पीढ़ी पर पड़ेगा असर

बातचीत में उन्होंने कहा कि हमारे देश में परिवार हैं। हमारा परिवार रिश्तों के कारण सुंदर होता है। परिवार भाई-बहन, मम्मी-पापा अकेले से नहीं बनते। ताऊ, मामा, काका इन सबसे परिवार बनते हैं। उन रिश्तों पर जब अविश्वास हो जाए, जैसा कि ये लोग दिखा रहे हैं। पैसों के लिए ये लोग किसी को भी दिखाएंगे क्या? जब चीजें दिखाएंगे तो आने वाली पीढ़ी क्या समझेगी। एक तरफ हम कहते हैं रिस्पेक्ट एवरी वुमन, दूसरी तरफ हम उसी महिला को भोग की वस्तु दिखा रहे हैं। इनके पुतले क्यों नहीं फूंके जा रहे हैं।

पैसों के लिए कौन अपने शरीर को बेचता है? इन्होंने पैसों के लिए सारे रिश्तों को बर्बाद कर कबाड़ खाना बना रखा है। वेब सीरीज बनाने वाले जितने भी एक्टर्स, प्रोड्यूसर्स, डायरेक्टर्स हैं इन सब लोगों को सजा मिलनी चाहिए। इस प्रकार की वेब सीरीज बनाने वालों के साथ कुछ ऐसा होना चाहिए कि जिसके बाद ये सब बनाने की किसी की हिम्मत न हो।

कृष्ण जन्मभूमि के देशव्यापी आंदोलन का आगाज

देवकी नंदन ठाकुर ने भोपाल से ही मथुरा में श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए राष्ट्र व्यापी आंदोलन चलाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा- रामजी आजाद हो गए, कृष्णजी का जहां जन्म हुआ था वहां सनातनी नहीं जा सकते। सबको वहां जाने का अधिकार नहीं मिलता। हमारा देश 75 साल पहले आजाद हो गया। अभी तक हमारे भगवान आजाद न हों ये सनातनियों के लिए सोचने की बात है। हमारे कृष्ण के चाहने वाले न केवल भारत में बल्कि दुनिया भर में हैं। जितने कृष्ण के फॉलोअर्स हैं, वर्ल्ड वाइड वो किसी देवता के नहीं हैं। हमारे इष्टदेव विश्व की आस्था के केंद्र श्रीकृष्ण बंदी गृह में रहें तो हमें इस विषय में सोचना होगा। इसके लिए देशव्यापी यात्रा निकालेंगे।

आंदोलन के लिए मांगा समर्थन

ठाकुर ने कहा कि हम सुप्रीम कोर्ट और केंद्र सरकार से आग्रह करेंगे कि भगवान श्रीकृष्ण को भी आजाद किया जाए। भारत के इतिहास में आज तक इतना विशाल आंदोलन नहीं हुआ होगा। इतना विशाल आंदोलन होगा। ये आंदोलन कृष्ण और सनातन के साथ आने वाली पीढ़ी की सुरक्षा के लिए होगा। मैं इस देश की जितनी भी चुनाव लड़ने वाली पार्टियां हैं। सबसे प्रार्थना करता हूं आप कृष्ण और सनातन के लिए इस आंदोलन को अपना समझकर समर्थन दें।

हिंदू राष्ट्र का विरोध करने पर ओवैसी पर बरसे

देवकीनंदन ठाकुर ने हिंदू राष्ट्र का विरोध करने पर AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि ओवैसी अपनी पार्टी का नाम बदलें बाद में भारत को सेक्युलर देश कहें। उन्हें ये कहने का अधिकार ही नहीं हैं। पहले वो अपनी पार्टी का नाम बदलें उसके बाद सेक्युलरिज्म का नाम लें।

सनातनी बेटियों के साथ दुर्व्यवहार का फल भुगतेगा पाकिस्तान

देवकीनंदन ठाकुर ने पाकिस्तान में हिंदुओं पर बढ़ते अत्याचार को लेकर कहा- जो सनातनियों को कष्ट देगा। जो सनातनी बहन-बेटियों के साथ दुर्व्यवहार करेगा। वो यहां हो या वहां हो, द्रौपदी की लाज बचाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने महाभारत का युद्ध कराया था। वेट एंड वॉच, अभी देखना पाकिस्तान में क्या होगा। उन्होंने सनातन बहन-बेटियों का अपमान किया है। खैर.. हम किसी का बुरा नहीं चाहते, लेकिन भला होगा नहीं। अस्मिता के साथ खेलने के बाद क्या होता है वो पाकिस्तान भुगत रहा है। 13 साल की बेटी को किडनैप करके उसका धर्म परिवर्तन कराया गया। ऐसी एक बेटी नहीं हजारों हैं। हम यहां मौनीबाबा बनकर बैठे हैं। हम यहां बैठकर सेक्युलरिज्म का गीत गा रहे हैं।

Leave a comment