लोकमतसत्याग्रह/कांग्रेस ने कर्नाटक चुनाव के लिए जारी किये अपने घोषणा पत्र में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने का वादा कर हिंदूवादी संगठनों को भड़का दिया है। कांग्रेस के इस ऐलान का पूरे देश के हिंदूवादी संगठन विरोध कर रहे हैं। इस बीच बजरंग दल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष , भाजपा के वरिष्ठ नेता जयभान सिंह पवैया का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने इसे कांग्रेस का बहुत घिनौना हथकंडा बताया है। साथ ही कहा कि कांग्रेस आतंकियों के वोट साधना चाहती है। यह मेनिफेस्टो कांग्रेस की राजमाता के यहां ही बना होगा।
इस मसले पर दैनिक भास्कर से बात करते हुए हिंदूवादी नेता जयभान सिंह पवैया ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस ने जो कहा है कि उनकी सरकार बनने पर वे PFI और बजरंग दल जैसे संगठनों पर बैन लगा देंगे तो देश का हर पढ़ा लिखा व्यक्ति जानता है कि PFI पर तो केंद्र सरकार ने पहले ही बैन लगा रखा है। पवैया ने कहा कि PFI एक आतंकवादी संगठन है, एक देशद्रोही संगठन है, देश तोड़ने, देश विरोधी गतिविधियों में शामिल रहता है इसके प्रमाण मिले है इसके बाद प्रतिबंध लगाया है। अब जो प्रतिबंधित है उस पर क्या प्रतिबंध लगाएंगे? उन्होंने कहा कि इस घोषणा पत्र को केवल कर्नाटक की बात मानकर नहीं चलें, कांग्रेस की मानसिकता को समझें।
वरिष्ठ भाजपा नेता पवैया ने कहा कि आप घोषणा पत्र को जानकर ये नहीं कह सकते कि कर्नाटक के नेताओं ने इसे बनाया है, ये कांग्रेस की राजमाता के मार्गदर्शन में ही तैयार हुआ हुआ होगा। और ये पूरे भारत के आतंकवादियों, आतंकवाद समर्थक वोट बैंक को कांग्रेस का सीधा सन्देश है कि अगर आप हमें मजबूत करोगे तो कर्नाटक सहित देश में टुकड़े टुकड़े गैंग से जुड़े लोग अपने आपको सुरक्षित महसूस करेंगे।