लोकमतसत्याग्रह/सिंधिया समर्थक ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर अपने अनोखे अंदाज को लेकर चर्चा में रहते हैं। कभी वह नाली में कूद पड़ते हैं, तो कभी नंगे पांव चलते हैं। अब अपने इसी अंदाज के साथ फिर सुर्खियों में हैं। ग्वालियर में मंडल बैठक के दौरान नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने रस्साकशी खेली। इस दौरान रस्सी के एक छोर को पकड़कर ऊर्जा मंत्री पूरी शिद्दत के साथ उसे खींचते नजर आए। इस दौरान जब वह रस्साकशी में जीत गए, तो खुशी में जोर से चिल्लाकर ताली बजाते हुए भी नजर आए।
सीधे शब्दों में कहें, तो वह बच्चे की तरह खेलते नजर आए। इस तरह खेलकर उन्होंने नाराज कार्यकर्ताओं का भी दिल जीत लिया। इसका वीडियो भी सोमवार शाम सोशल मीडिया पर सामने आया है।
ऊर्जा मंत्री बोले– सब कुछ भूलकर काम करने का समय
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन ने बूथ विजय संकल्प अभियान के दौरान बैठक के लिए कहा है। इस संबंध में सोमवार को राजा मानसिंह तोमर मंडल में बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मौजूद कार्यकर्ताओं से कहा- हो सकता है कि आप मुझसे या संगठन के अन्य नेताओं से नाराज हों, लेकिन ये समय गिले-शिकवे दूर कर पार्टी के काम में जुटने का है। शहर में जो भी विकास कार्य हो रहे हैं, वे सब आपकी मेहनत का ही परिणाम हैं। आपकी मेहनत से ही पार्टी सत्ता में आई। विकास की इस अविरल धारा को बहने के लिए फिर से आपकी मेहनत की जरूरत है।
पिछले दो दिनों में मंत्री ने ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के सभी पांच मंडलों की बैठक कर कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव के कार्यों में जुटने का आवाहन किया।
सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो
बैठक के बाद ऊर्जा मंत्री कार्यकर्ताओं के साथ रस्साकशी खेलने लगे। इस दौरान वहां मौजूद शख्स ने इसका वीडियो बना लिया। इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो में दिख रहा है कि ऊर्जा मंत्री कार्यकर्ताओं के साथ रस्सी खींच रहे हैं। वह जिस अंदाज में रस्साकशी खेल रहे हैं, उससे उन्होंने नाराज कार्यकर्ताओं का भी मन जीत लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ खूब हंसी-ठिठोली की। इस प्रतियोगिता में उन्होंने पूरी ताकत लगाई और जीत गए।
जिलाध्यक्ष बोले– भाजपा जनता विकास करती है
उधर, वार्ड 40 की बैठक में जिलाध्यक्ष अभय चौधरी ने कहा कि भाजपा हमेशा जनता के विकास के लिए कार्य करती है। हम जनता के बीच में जाएं और सरकार की योजनाओं को उनके बीच रखें। उन योजनाओं को किस तरीके से लाभार्थी को उसका लाभ मिल सके, इसका ध्यान भी पार्टी के कार्यकर्ता करें। वार्ड 41 की बैठक में विधानसभा संयोजक विवेक जोशी मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। दक्षिण विधानसभा में आयोजित बैठकों में खो-खो, कबड्डी और सितौलिया जैसे पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया।
