लोकमतसत्याग्रह/तिघरा बांध के लीकेज का सुधार कार्य होने के कारण गुरुवार को सुबह छह बजे से तिघरा से पानी की सप्लाई बंद कर दी जाएगी। तय कार्यक्रम के अनुसार सप्लाई शाम छह बजे तक बंद रहेंगी। इस कारण शुक्रवार को शहर में पानी की सप्लाई नहीं हो पाएगी। हालांकि वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में नगर निगम के टैंकरों के साथ आधा सैकड़ा निजी टैंकरों की सेवाएं भी ली जाएंगी ताकि शहर के कुछ हिस्सों में पानी पहुंचाया जा सके।
सहायक यंत्री हेमंत शर्मा ने बताया कि तिघरा जलाशय के जीर्णोद्धार का कार्य कराया जा रहा है। जिसके कारण पानी के नीचे पॉइंटिग का कार्य डाइवर्स के द्वारा कराया जा रहा है। पॉइंटिग कार्य के दौरान स्लूस गेट को बंद करना जरूरी है। स्लूस गेट बंद करने के लिए शहर के प्लांट पर पहुंचने वाली सप्लाई नहीं मिल पाएगी और टंकियां नहीं भर सकेंगी। इस कारण शुक्रवार को सुबह पानी की सप्लाई नहीं हो पाएगी।
काम पूरा होने पर होगी सीधी सप्लाई
तिघरा बांध पर गुरुवार सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक लीकेज ठीक करने का काम चलेगा। शाम छह बजे काम पूरा होने के बाद जैसे ही तिघरा से प्लांट के लिए पानी छोड़ा जाएगा। उसके कुछ देर बाद निगम शहर के कुछ इलाकों में सीधी सप्लाई करेगा। इनमें गोला का मंदिर, पिंटो पार्क, गोल पहाड़िया, आनंद नगर और बहोड़ापुर के क्षेत्र शामिल हैं। शेष क्षेत्रों में सप्लाई के लिए टंकियां भरने का काम शुरू किया जाएगा।
