केंद्र सरकार के 9 साल पूरे:PM मोदी बोले- हमने हर फैसला लोगों की भलाई के लिए लिया; पार्टी का आज से महाजनसंपर्क अभियान

लोकमतसत्याग्रह/केंद्र की मोदी सरकार को आज यानी 30 मई को 9 साल पूरे हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया- आज जब राष्ट्र की सेवा में हमारे 9 साल पूरे हो रहे हैं। मैं विनम्रता और आभार से भर गया हूं। हमने हर फैसला लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए लिया। विकसित भारत बनाने के लिए हम और भी ज्यादा मेहनत करते रहेंगे।

भाजपा ने एक महीने तक देशभर में जनसंपर्क अभि‍यान चलाने का फैसला कि‍या है। पार्टी 30 मई से 30 जून के बीच पूरे देश में लगभग 50 रैलियां करने की योजना बना रही है। इन रैलि‍यों में आधा दर्जन से ज्‍यादा रैलियों को प्रधानमंत्री संबोधित करेंगे। वे 31 मई को अजमेर में रैली करेंगे। वहीं भाजपा अध्‍यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अम‍ित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सह‍ित अन्‍य मंत्री भी इस जनसंपर्क अभि‍यान में शामिल होंगे।

मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर किसने क्या कहा

गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया मोदी सरकार के 9 साल सुरक्षा, राष्ट्रीय गौरव, विकास और गरीब कल्याण के अभूतपूर्व 9 साल रहे। आज एक ओर मोदी जी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है, विश्व में गौरव के नए पहलू बना रहा है। वहीं दूसरी ओर सरकार ने विकास और गरीब कल्याण के नए मापदंड स्थापित किए गए।

BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लिखा– मोदी सरकार के 9 साल सेवा, सुशासन और गरीबों के कल्याण के रहे हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, वैश्विक स्थिति, आर्थिक सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं।

सरकार की उपलब्धियां गिनाने केंद्रीय मंत्रियों की प्रेस कॉन्फ्रेंस

इसके पहले भाजपा ने सरकार की उपलब्धियां गिनाने के लिए केंद्रीय मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी। इसके तहत ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नई दिल्ली, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मुंबई, खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने अहमदाबाद, राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने बेंगलुरु, पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने लखनऊ, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुवाहाटी, पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने भोपाल, कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने हैदराबाद में मीडिया को संबोधित किया।

जितेंद्र सिंह ने चेन्नई, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कोलकाता, गजेंद्र सिंह ने पटना, उपभोक्ता मामलों के मंत्री पीयूष गोयल ने जयपुर, स्मृति ईरानी ने रोहतक में प्रेस कॉन्फ्रेस कर सरकार की उपलब्धियां बताईं।

भाजपा की मुख्यमंत्री परिषद की बैठक में 2024 आम चुनाव पर बातचीत

रविवार यानी 28 मई को दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में भाजपा मुख्यमंत्री परिषद की बैठक हुई। इसमें भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों ने भाग लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई।

बैठक में गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हुए। UP के CM योगी, उत्तराखंड के CM धामी, गुजरात के CM भूपेंद्र पटेल, नगालैंड के डिप्टी CM पैटन, MP के CM शिवराज सिंह चौहान बैठक में मौजूद थे।

मीटिंग के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा- आज भाजपा के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों के साथ रचनात्मक बैठक की। हमने विकास में तेजी लाने और अपने नागरिकों के कल्याण को सुनिश्चित करने के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने बैठक के दौरान अपने मन की बातें भी बताईं।

Leave a comment