लोकमतसत्याग्रह/ केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि खेल और खिलाड़ी सरकार की प्राथमिकता हैं। भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ महिला पहलवानों द्वारा लगाये गए यौन उत्पीड़न के आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर मंगलवार को ग्वालियर में लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान के दीक्षा समारोह में हिस्सा लेने आए थे। यह बात उन्होंने समारोह के बाद पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, कुश्ती संघ के अध्यक्ष के खिलाफ आरोपों की जांच के लिए सरकार पहले ही एक समिति का गठन कर चुकी है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। आरोप पत्र भी दायर किया जाएगा और निष्पक्ष जांच की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ठाकुर एलएनआइपी के छात्रों से मिले भी और उनसे बात भी की। साथ ही उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित भी किया।


