सीएम के 7 घंटे के प्रवास की तैयारी:3,770 वाहनों से 76 हजार लोगों को लाने के लिए विभागों को दिया गया टारगेट

लोकमतसत्याग्रह/24 जून को ग्वालियर प्रवास पर आ रहे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 7 घंटे शहर में रहेंगे। इस दौरान वे सामाजिक व धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर 595.08 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

मेला मैदान में होने वाले लाड़ली बहना-महिला सम्मेलन कार्यक्रम में 76 हजार लोगों को जुटाने के लिए विभागों को टारगेट दे दिया गया है। इनके अलावा भाजपा संगठन द्वारा 25 हजार लोगों को जुटाने का भी दावा किया जा रहा है । कार्यक्रम में एक लाख लोगों को लाने का दावा हो रहा।

प्रशासन ने लोगों को लाने के लिए 3770 वाहन जुटाए हैं। जो शुक्रवार शाम से रवाना किए जाएंगे और सभी वाहन शनिवार को दोपहर 12 बजे तक लोगों को लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। कार्यक्रम के लिए 970 बसें अधिग्रहित हो रही हैं। इससे शनिवार को कई स्कूलों में छुट्‌टी हो सकती है।

दो बड़े कार्यक्रमों से बढ़ी चिंता
मुख्यमंत्री के लिए अधिकारियों ने 5 कार्यक्रम तैयार किए हैं, जिनमें दो कार्यक्रम जनसभा स्तर के हैं । सीएम के कार्यक्रम में 1 लाख लोग जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम के बीच बेहटा में बघेल समाज का एक सम्मेलन भी तय किया गया है। इस बात को लेकर अधिकारियों में चिंता बढ़ी हुई है। वहीं 22 से 24 जून तक 1000 बिस्तर के अस्पताल का हॉकी स्टेडियम के सामने वाला मुख्य द्वार बंद रहेगा। वहीं सरकारी स्कूल के शिक्षकों से उनके निजी चार पहिया वाहनों की जानकारी मांगी गई है। उधर, मुख्यमंत्री की यात्रा के लिए एक हजार का अतिरिक्त बल तैनात रहेगा।

सुबह 11:30 बजे आकर शाम 6.30 बजे जाएंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सुबह 11.30 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे। जहां से देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थल पहुंचकर माल्यार्पण कर बेहटा के लिए रवाना होंगे। दोपहर 1.55 बजे मेला मैदान पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 4.25 बजे अचलेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा में शामिल होंगे। शाम 5 बजे एक हजार बिस्तर के अस्पताल का लोकार्पण करेंगे। शाम 5.40 बजे महाराज बाड़ा पर सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकर्पण करेंगे। 6.30 बजे वापसी के लिए एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

इन कामों का होगा लोकार्पणभूमिपूजन

2 अस्पतालों का लोकार्पण

  • 397 करोड़ रुपए की लागत से कंपू स्थित पॉटरीज की जमीन पर तैयार हुआ एक हजार बिस्तर के अस्पताल का लोकर्पण होगा।
  • 165 करोड़ की लागत से जेएएच परिसर में बने सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का लोकर्पण।
  • 2.75 करोड़ की लागत से स्मार्ट सिटी द्वारा महाराज बाड़े पर किए गए सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकर्पण।

स्मार्ट सिटी की 4 सड़कों के लिए भूमिपूजन

  • कलेक्ट्रेट तिराहे से रेलवे ट्रेक तक लगभग 2.5 किलोमीटर लंबी सड़क 9 करोड़ 46 लाख रुपए की लागत से बनेगी।
  • नाका चंद्रबदनी से रेलवे ट्रेक तक 1.4 किलोमीटर लंबी सड़क 3.95 करोड़ में तैयार होगी।
  • कलेक्ट्रेट से अलापुरा चौराहे तक 9.94 करोड़ की लागत से 2.8 किलोमीटर लंबी सड़क बनेगी।
  • गुढ़ा गुढ़ी का नाका से चिरवाई तक की 3 किलोमीटर लंबी सड़क 9.97 करोड़ रुपए से बनाई जाएगी।

Leave a comment