लोकमतसत्याग्रह/पटना में विपक्षी पार्टियों की पहली बैठक शुक्रवार को दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री आवास 1 अणे मार्ग में शुरू हुई। इसमें 15 पार्टियों के नेता मौजूद हैं। बैठक 5 घंटे तक चलेगी। बैठक में 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ लड़ने का रोडमैप तैयार किया जाएगा।
जेडीयू सूत्रों ने दैनिक भास्कर को बताया कि नीतीश कुमार को यूपीए का संयोजक बनाया जा सकता है। बैठक के बाद इसकी घोषणा होगी। बैठक में ममता बनर्जी ने कहा कि सभी को महत्त्वाकांक्षा छोड़नी होगी। कोई अपना दबदबा नहीं बनाए।
राहुल बोले– हम सब मिलकर बीजेपी को हरा रहे
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, शरद पवार, उद्धव ठाकरे शुक्रवार सुबह पटना पहुंचे। राहुल और खड़गे एअरपोर्ट से सीधे कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। यहां राहुल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर BJP को हराएंगे। देश में दो विचारधारा की लड़ाई चल रही है। एक तरफ कांग्रेस की भारत जोड़ो विचारधारा है तो दूसरी ओर BJP-RSS की भारत तोड़ो।
बैठक में 15 पार्टियों के 22 से ज्यादा नेता शामिल
- पार्टियां: JDU, RJD, AAP, DMK, TMC, CPI, CPM, CPI (ML), PDP, नेशनल कॉन्फ्रेंस, कांग्रेस, शिवसेना, सपा, JMM और NCP।
- नेताओं के नाम : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके के नेता एम के स्टालिन, बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी की नेता ममता बनर्जी, भतीजा अभिषेक बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप नेता अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, राघव चड्ढा, संजय सिंह, लेफ्ट से डी राजा, दीपांकर भट्टाचार्य और पीडीपी की महबूबा मुफ्ती। कांग्रेस से राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे, NCP से शरद पवार, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला, सपा के अखिलेश यादव, शिवसेना के उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे, JMM के हेमंत सोरेन, बिहार से JDU से नीतीश कुमार और RJD के तेजस्वी यादव और लालू यादव।
- इन मुद्दों पर बात होगी: 1.हर सीट पर भाजपा के खिलाफ विपक्ष का एक प्रत्याशी, 2. भाजपा के खिलाफ बनने वाले गठबंधन का नाम, 3. कामन मिनिमम प्रोग्राम, 4. सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला, 5. इसके अलावा, दिल्ली अध्यादेश।
- बैठक में सभी दलों के नेताओं को बोलने का दिया जाएगा मौका
- महागठबंधन के सूत्रों के मुताबिक, बैठक में शामिल सभी दलों के नेताओं को बोलने का वक्त मिले, इसका खास ख्याल रखा गया है। बैठक का मुख्य उद्देश्य BJP को केंद्र की सत्ता से बेदखल करना है। इसके लिए नए सिरे से विपक्षी दलों को एकजुट किया जा रहा है। बैठक में कई अहम निर्णय लिए जाएंगे। इसमें मुख्य रूप से विपक्षी एकजुटता का नाम क्या हो? इसकी अगुआई कौन करेंगे। इस पर फैसला हो सकता है। साथ ही चुनाव में टिकट के फार्मूले और कॉमन मिनिमन प्रोग्राम पर भी चर्चा हो सकती है।
- ममता बनर्जी सबसे पहले लालू से मिलीं, पैर छूकर लिया आशीर्वाद
- पटना पहुंचने के बाद सबसे पहले ममता बनर्जी राबड़ी आवास पहुंचीं। यहां उन्होंने लालू यादव से पैर छूकर आशीर्वाद लिया। हालांकि, उन्होंने बैठक में एजेंडा के सवाल पर कुछ भी बोलने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि हम लोग इकट्ठा होकर चुनाव लड़ेंगे। एक के खिलाफ एक लड़ेंगे
- बैठक से पहले पटना की सड़कों पर पोस्टर वार
- बैठक से पहले ही बिहार में पोस्टर वॉर शुरू हो गया है। महागठबंधन की तरफ से जहां विपक्षी दलों के स्वागत के पोस्टर लगाए गए हैं तो वहीं BJP की तरफ से पोस्टर लगाकर तंज कसते हुए विपक्षी नेताओं को ठग्स ऑफ हिन्दुस्तान कहा है। ये पोस्टर इनकम टैक्स गोलंबर और BJP कार्यालय के बाहर लगाए गए हैं।
BJP को देश की सत्ता से हटाने के लिए बिहार में शुक्रवार को महत्वपूर्ण विपक्षी एकता की बैठक होगी। इसमें 15 भाजपा विरोधी दलों के शामिल हो रहे हैं। सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो 10 साल से अलग-थलग पड़े UPA का नए सिरे से गठन किया जा सकता है। इसमें कई नए दल शामिल होंगे, जिसका चेयरमैन गांधी परिवार या कांग्रेस से अलग नीतीश कुमार को बनाया जा सकता है। नए संयोजक के रूप में उनके नाम की घोषणा हो सकती है।


