शहर में भी भाजपा-कांग्रेस का पे-पोस्टर वार हुआ शुरू

लोकमतसत्याग्रह/चुनाव से पहले ही नगर में भाजपा और कांग्रेस के बीच पोस्टर वार शुरू हो गया है। नगर के प्रमुख चौराहे फूलबाग पर सोमवार सुबह पोस्टर नजर आए, जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के चित्र के साथ लिखा था 50 प्रतिशत लाओ फोन पे- काम कराओ। उसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के पोस्टर चौराहों नजर आने लगे। इन पर पे-नाथ लिखा होने के साथ क्यूआरकोड है।

विधानसभा चुनाव में चार महीने से अधिक समय है। दोनों दलों के नेताओं में जुबानीवार पहले से चल रहा है। एक दूसरे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे हैं। टीका-टिप्पणी की जा रहीं है। जुबानी व पोस्टरवार से प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस भाजपा शासनकाल में महाकाल लोक सहित अन्य योजनाओं में भ्रष्टाचार की आशंका जताते हुये भ्रष्टाचार को मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है। दूसरी तरफ भाजपा ने कमल नाथ के सवा साल के शासन काल में लगे भ्रष्टाचारों के आरोपों को मुद‌्दा बनाया है। भाजपा यह भी बता रही है किस तरीके से कांग्रेस शासनकाल में हर रोज घोटाले उजागर होते थे। प्रदेश की छवि विश्व मंच पर खराब हो रही थी। दोनों ही दल विकास के मुद्दों पर चर्चा करने की बजाए एक दूसरे पर कीचड़ उछाल रहे हैं। दोनों दलों के नेता एक दूसरे पर घृणित और दोयम दर्ज की राजनीति का आरोप लगा रहे हैं।

गंदगी मिलने पर हेल्थ आफिसर को नोटिस

स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने सोमवार को शहर के विभिन्न इलाकों में निरीक्षण किया। इस दौरान पुरानी छावनी क्षेत्र में गंदगी मिलने पर निगमायुक्त ने हेल्थ आफिसर दीपेश सेंगर को हटाने के निर्देश दिए, साथ ही उन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। इसके अलावा शहर के विभिन्न इलाकों में 75 सफाईकर्मी भी अनुपस्थित मिले। निगमायुक्त ने जीवाजी विश्वविद्यालय, सिटी सेंटर क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई कार्य कर रहे सफाई मित्रों से बात कर उनकी परेशानियों को जाना। इसके बाद उन्होंने ग्वालियर विधानसभा का निरीक्षण किया। यहां पर क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक एक पर अधिकारियों की बैठक ली और उन्हें दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद वहां से बहोड़ापुर होते हुए कोटेश्वर मंदिर क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने नौमहला क्षेत्रीय कार्यालय पर अधिकारियों की मीटिंग ली। इसके बाद उन्होंने पुरानी छावनी क्षेत्र तक का निरीक्षण किया। यहां गंदगी मिलने पर उन्होंने हेल्थ आफिसर पर कार्रवाई की।

Leave a comment