हिमाचल में 6 दिन बारिश का अलर्ट:टूरिस्टों को यात्रा न करने की सलाह; 150 सड़कें बंद, तीन दिनों में 103 करोड़ का नुकसान

लोकमतसत्याग्रह/हिमाचल में मौसम विभाग ने 6 दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज के लिए चंबा, किन्नौर और लाहौल स्पीति को छोड़कर अन्य सभी जिलों को ऑरेंज अलर्ट और कल से अगले 72 घंटे के लिए लिए येलो अलर्ट दिया गया है।

पहाड़ों पर हो रही तबाही को देखते हुए ट्रैफिक टूरिस्ट एवं रेलवे पुलिस (TTR) ने सैलानियों और स्थानीय लोगों को अनावश्यक यात्रा टालने की एडवाइजरी जारी की है। AIG-TTR संदीप धवल ने लोगों को उफनते हुए नदी-नालों के पास और लैंड स्लाइड संभावित क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी है। आपात स्थिति में लोग इमरजेंसी नंबर 112 और 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।

150 सड़कें और 942 पेयजल योजनाएं बंद
प्रदेश में 3 दिन से हो रही भारी बारिश के बाद 150 से ज्यादा सड़कें यातायात के लिए बंद पड़ी हैं। इससे लोगों की आवाजाही पर बुरा असर पड़ा है। इसी तरह 942 पेयजल और 190 सिंचाई योजनाएं हांफ गई है। इससे गंभीर पेयजल संकट खड़ा हो गया है।

3 दिन में 103 करोड़ का नुकसान
हिमाचल में 24 जून को मानसून ने दस्तक दी है। इसके बाद तीन दिनों की बरसात में 103 करोड़ रुपए की सरकारी और निजी संपत्ति भारी बारिश की भेंट चढ़ चुकी है। अकेले मंडी जिले में 47 करोड़ रुपए का नुकसान आंका गया है।

वहीं 4 घर पूरी तरह जमीदोंज हुए है, जबकि 28 घरों को आंशिक नुकसान हुआ है। इस दौरान 312 पालतू मवेशी भी कुदरत के कहर का शिकार बने है।

नॉर्मल की तुलना में तापमान में 6.8 डिग्री की गिरावट
मानसून की बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसत 6.8 डिग्री की कमी आई है। चंबा का तापमान सबसे ज्यादा 12 डिग्री की गिरावट के बाद 25.2 डिग्री तक लुढक गया। कुकुमसैरी का तापमान के में 10.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह प्रदेश के अन्य शहरों के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है।

Leave a comment