लोकमतसत्याग्रह/शहर में कोचिंग संस्थानों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा के लिए अब पुलिस ने गश्त शुरू कर दी है। लक्ष्मीबाई कालोनी और सिटी सेंटर में कोचिंग संस्थानों के आसपास पुलिस ने गश्त की। बीते रोज ही लक्ष्मीबाई कालोनी में कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह और एसएसपी राजेश सिंह चंदेल पहुंचे थे। इन्होंने छात्रों से संवाद कर उनकी परेशानी जानी थी। साथ ही छात्राओं को सुरक्षित माहौल देने का वादा किया है। शहर के 11 इलाके ऐसे हैं, जहां सबसे ज्यादा कोचिंग संस्थान हैं।
कोचिंग संस्थानों के आसपास वे युवक परेशानी बन गए हैं, जो छात्र नहीं हैं, लेकिन छात्र बनकर घूमते हैं। यह छात्राओं को परेशान करते हैं। इसी के चलते कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह और एसएसपी राजेश सिंह चंदेल लक्ष्मीबाई कालोनी पहुंचे थे। रविवार से लक्ष्मीबाई कालोनी और सिटी सेंटर स्थित कोचिंग संस्थानों के आसपास पुलिस की गश्त शुरू हो गई है। लक्ष्मीबाई कालोनी में रहने वाले लोगों का कहना था- लंबे समय बाद यहां मनचले, गुंडों का जमघट नहीं लगा। सिटी सेंटर में भी शाम को यूनिवर्सिटी पुलिस गश्त कर रही थी। हालांकि रविवार को कोचिंग संस्थानों में अवकाश रहता है। इसलिए छात्रों की संख्या भी कम थी, लेकिन यहां रहने वाले लोगों का कहना है- पहले तो रविवार को भी यह लोग इकठ्ठे होते थे।
कोचिंग संस्थानों के आसपास अब पुलिस लगातार गश्त करेगी। इस संबंध में उन सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं, जिनके क्षेत्र में कोचिंग संस्थान हैं।
राजेश सिंह चंदेल, एसएसपी, ग्वालियर


