लोकमतसत्याग्रह/ग्वालियर में आधार कार्ड से PAN कार्ड लिंक कराने गईं सिक्युरिटी कंपनी के संचालक की पत्नी, बहू व अकाउंटेंट की पत्नी के खाते से 87 हजार रुपए निकल गए। घटना ग्वालियर के तानसेन नगर में शिव शक्ति मंदिर के पास स्थित राघव एमपी ऑनलाइन शॉप की है।
घटना का पता चलते ही ठगी का शिकार परिवार थाने पहुंचा और मामले की शिकायत की। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी का पता नहीं चल सका है।
शहर की हजीरा सिमको लाइन निवासी सुधासिंह जनवार पत्नी इंद्रपाल सिंह जनवार ने बताया की है कि उनके पति लक्ष्य इंटरप्राइजेज सिक्युरिटी कंपनी के संचालक हैं। सात अप्रैल 2023 को वह (सुधा) व उनकी पुत्र वधु अनुराधा सिंह आधार कार्ड से पेन कार्ड लिंक करवाने के लिए तानसेन नगर में शिवशक्ति मंदिर के पास स्थित राघव एमपी ऑनलाइन शॉप पर पहुंची थीं। यहां उनके साथ उनकी कंपनी के अकाउंटेंट की पत्नी भारती अग्रवाल भी थीं। आधार से पेन कार्ड लिंक कराने के लिए जो प्रक्रिया होती थी वह ऑनलाइन शॉप वाले ने करा ली थी। पर सुधा को एक बात खटक रही थी कि दुकान वाले ने चार से पांच बार थम्ब इम्प्रेशन क्यों लिए, जबकि एक बार में सही काम हो गया था। कुछ दिन बाद जब वह अपडेट की जानकारी लेने पहुंचीं तो पता चला कि उनका आधार से पेन लिंक नहीं हुआ है, इसी तरह तीन से चार बार उनके थम्ब लगवाए, लेकिन उनका पेन कार्ड और आधार लिंक नहीं हुए।
सैलरी बांटते समय हुआ ठगी का खुलासा
सुधासिंह के खाते से हर माह एक निर्धारित राशि कर्मचारियों की सैलरी बांटने के लिए उपयोग की जाती है। लेकिन जून महीने की सैलरी बांटते समय कुछ कर्मचारियों का भुगतान कम पड़ गया। मामले की जानकारी की तो पता चला कि उनके खाते से रुपए निकाले गए हैं। बैंक से पता किया तो पता चला कि सुधा के खाते से बीस हजार और अनुराधा के खाते से पचास हजार रुपए का ट्रांजेक्शन हुआ है। इसी बीच पता चला कि उनके साथ आधार से पेन कार्ड लिंक कराने गई उनके एकाउंटेंट की पत्नी भारती अग्रवाल के खाते से भी इसी तरह 17 हजार 650 रुपए निकाले गए है। ठगी का पता चलते ही वह थाने पहुंची और मामले की शिकायत की। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
थम्ब इम्प्रेशन से सिर्फ 10 हजार ही निकाल सकते हैं
सुधासिंह ने पुलिस को बताया कि थम्ब इम्प्रेशन की मदद से अगर रुपए निकाले जाते हैं तो एक बार में सिर्फ दस हजार रुपए ही निकाले जा सकते हैं, इसीलिए उनके ऑनलाइन सर्विस पर बार-बार अपडेट के नाम पर थम्ब लगवाया गया था। अब पुलिस एमपी ऑनलाइन शॉप वाले को संदेह के घेरे में लेकर जांच कर रही है।
पुलिस का कहना
इस मामले में ग्वालियर थाना प्रभारी सुरजीत सिंह तोमर ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


