लोकमतसत्याग्रह/आजादी के अमृत महोत्सव के चलते स्वतंत्रता दिवस पर केंद्र सरकार द्वारा हर घर तिरंगा अभियान 2.0 आयोजित किया जा रहा है। इसमें 13 से 15 अगस्त तक हर घर पर तिरंगा फहराया जाएगा। इसके लिए नगर निगम के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों एवं निगम के सभी प्रमुख कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराया जाएगा। इन स्थानों से शहर का कोई भी नागरिक अपने घर के लिए राष्ट्रीय ध्वज क्रय कर सकता है। नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने सभी क्षेत्राधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए हैं कि आम नागरिकों की हर घर तिरंगा अभियान में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए उन्हें उनके आसपास ही आसानी से राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध हो सकें।
इसके लिए नगर निगम के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों सहित महाराज बाड़ा, म्यूजियम, निगम मुख्यालय व अन्य सभी निगम के भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आम नागरिकों के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे। नगर निगम ने नेशनल अर्बन लाइवलीहुड मिशन के तहत राष्ट्रीय ध्वज तैयार भी कराने शुरू कर दिए हैं। इसके लिए स्वसहायता समूहों से संपर्क किया गया है, ताकि वे राष्ट्रीय ध्वज तैयार कर सकें। इसके अलावा ध्वजों की खरीद भी की जाएगी। नगर निगम द्वारा 25 रुपए प्रति ध्वज के हिसाब से बिक्री भी की जाएगी।
सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को यह लक्ष्य भी दिया गया है कि उन्हें 300 से 400 ध्वजों की बिक्री भी करनी है, ताकि हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाया जा सके। गौरतलब है कि हर घर तिरंगा अभियान देश की आज़ादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में लोगों को प्रोत्साहित कर अपने घर पर तिरंगा झंडा फहराने के लिए आज़ादी के अमृत महोत्सव के तत्वावधान में चलाया जा रहा एक अभियान है। राष्ट्रीय ध्वज के साथ संबंध सदैव व्यक्तिगत की बजाए औपचारिक और संस्थागत रूप में अधिक रहा है। आजादी के 75वें वर्ष के दौरान एक राष्ट्र के रूप में राष्ट्रीय ध्वज को सामूहिक रूप से घर पर लाना न केवल तिरंगे के साथ व्यक्तिगत संबंध का प्रतीक है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण में प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।


