शहर में 6 दिन से लगातार हो रही बारिश, 732 फीट हुआ तिघरा का जल स्तर

लोकमतसत्याग्रह/शहर में लगातार छठवें दिन राहत की वर्षा हो रही है। जहां गर्मी और उमस छूमंतर हो चुकी है, तो वहीं तिघरा बांध के जल स्तर में भी लगातार इजाफा हो रहा है। रविवार की सुबह जहां तिघरा का जल स्तर 731.20 फीट था, वहीं शाम चार बजे से पहले ही इसका स्तर 732 फीट पर पहुंच गया है।

बांध में अब भी लगातार कैचमेंट एरिया से पानी आ रहा है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि यह अगले 24 घंटों के दौरान 734 फीट पर पहुंच जाएगा। तिघरा बांध की कुल जल संग्रहण क्षमता 740 फीट है, लेकिन इसे सुरक्षा की दृष्टि से 739 फीट तक ही भरा जाता है। मौसम विभाग के अनुसार अभी शहर में 16 सितंबर तक वर्षा का दौर चलेगा। ऐसे में इस बार भी तिघरा बांध के गेट खोलने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।

बंगाल की खाड़ी के सक्रिय होने से शहर में पिछले पांच सितंबर से वर्षा का दौर शुरू हुआ है, जो रविवार को भी जारी रहा। हालांकि इस दौरान दिन के बजाय रात के समय ज्यादा वर्षा हो रही है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात जहां 9.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई, तो वहीं रविवार की शाम साढ़े पांच बजे तक कुल 616.5 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है। हालांकि अब यह सिस्टम कमजोर हो गया है, इसके चलते तापमान में भी इजाफा होना शुरू हो गया है।

अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज

स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार की तुलना में रविवार को अधिकतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह औसत से 3.9 डिग्री सेल्सियस कम है। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान भी 0.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। यह औसत से 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

नया सिस्टम सक्रिय होने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से बढ़ा कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती घेरे में तब्दील होकर गुजरात की ओर जा चुका है। मानसून की ट्रफ लाइन गुना-कोटा के ऊपर बनी है। सोमवार को भी स्थानीय प्रभाव से वर्षा की संभावना जताई गई है। अगले दो दिन में आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। 13 सितंबर से बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से आगामी 16 सितंबर तक शहर में वर्षा का दौर चलता रहेगा।

दो दिन में आया 35 दिन का पानी

तिघरा में पिछले दो दिन के अंदर 428 एमसीएफटी पानी आ चुका है। पिछले शुक्रवार को तिघरा का स्तर 728.80 फीट था और इसमें 2273 एमसीएफटी पानी मौजूद था। रविवार की सुबह आठ बजे तिघरा में 2701 एमसीएफटी पानी हो चुका है। शहर में प्रतिदिन 12 एमसीएफटी पानी की आपूर्ति की जाती है। ऐसे में अब बढ़े हुए जल स्तर से अतिरिक्त 35 दिन की आपूर्ति की जा सकती है। अब तिघरा में लगभग 200 दिनों का पानी आ चुका है।

जलसंसाधन विभाग के अधिकारियों को उम्मीद है कि 16 सितंबर तक होने वाली वर्षा के दौरान यदि कैचमेंट एरिया में पानी गिरता है, तो बांध पूरी तरह से भर जाएगा। इसके साथ ही तिघरा से जुड़े हुए अपर ककैटो में 50 प्रतिशत, ककैटो में 90 प्रतिशत और पेहसारी में 85 प्रतिशत पानी भरा हुआ है। मानसून के मेहरबान रहने से यह जलसंकट दूर हो जाएगा।

ये रही पारे की चाल

अधिकतम तापमान- 29.2 डिसे

न्यूनतम तापमान- 25.3 डिसे

कुल वर्षा- 616.5 मिमी

05:30-26.2 डिसे

08:30-27.4 डिसे

11:30-27.4 डिसे

14:30-28.6 डिसे

17:30-27.8 डिसे

Leave a comment