एक की रजिस्ट्री हुई, 75 के स्लाॅट रजिस्ट्री कार्यालय में कराए
लोकमतसत्याग्रह/प्रधानमंत्री आवास योजना में मानपुर साइट-1 पर बने 912 आवासों की रजिस्ट्री नगर निगम ने शुरू करा दी है। अभी तक 76 लोगों को मकान का मालिक बनाने के लिए स्लॉट बुक कराने के लिए रजिस्ट्री कार्यालय में प्रकरण पहुंचा दिए हैं। एक की रजिस्ट्री भी निगम ने करा दी है।
इस योजना के आवासों का पूरा होने के बाद नगर निगम ने एक नई योजना के लिए 1000 आवास मानपुर साइट पर बनाने के लिए प्रोजेक्ट तैयार कर लिया है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग से निगम ने स्वीकृति प्राप्त कर ली है। ये प्रोजेक्ट लाड़ली बहनों के आवास योजना से जोड़ा जा सकता है। निगम उक्त प्रोजेक्ट को 20 बीघा जमीन पर आकार देगा। इसकी ड्राइंग-डिजाइन तैयार हो चुकी है।
निगम ने शहर में महलगांव, मानपुर और सिरोल (फूटी कॉलोनी) तय किए गए थे। यहां पर 3500 आवास बनाने पर 443 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इधर प्रदेश में सबसे पहले आवासों की बुकिंग ग्वालियर ने शुरू की थी। इससे निगम को 38 करोड़ रुपए की राशि मिल चुकी है।
जानिए… एक नजर में निगम की तीन निर्माण साइट
महलगांव: यहां पर निगम ने सबसे पहले रजिस्ट्री शुरू की थी। 448 एमआईजी आवास में से 350 की रजिस्ट्री हो चुकी है। नीचे की तीन माला की रजिस्ट्री के लिए कुछ प्रकरण पहुंचाए गए हैं। एलआईजी के 128 आवास बन रहे हैं। इनकी रजिस्ट्री अगले महीने नवरात्र में कराने की तैयारी है। यहां पर 35 दुकानें भी बनाई गई हैं। इस पर 120 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी।
मानपुर साइट-1 : कम आय के व्यक्तियों के लिए 5:50 लाख रुपए में 1 बीएचके आवास 912 बन चुके हैं। निगम ने इसकी रजिस्ट्री चालू करा दी है। एलआईजी 320, एमआईजी 64 की रजिस्ट्री भी होने लगेंगी मेंटेनेंस की राशि का लेटर पैसा जमा कराते ही रजिस्ट्री शुरू कर दी जाएगी। निगम ने इस प्रोजेक्ट पर 140 करोड़ रुपए की राशि खर्च की है।
मानपुर साइट-2: यहां पर गरीबों और कम आय वर्ग के आवास बनाए जा रहे हैं। ये 1200 की संख्या में हैं। अभी यहां पर ब्लॉक बनाने का काम चल रहा है। दिसंबर तक 10 ब्लॉक 480 आवासी की रजिस्ट्री चालू हो जाएगी।
महलगांव प्रोजेक्ट में 35 दुकानें तैयार, यहां भी पजेशन देने की हुई शुरुआत
निगम ने महलगांव में 35 दुकानें बनाई हैं। यहां पर दो हितग्राहियों की रजिस्ट्री कराने के लिए स्लाट बुक कराया गया है। जल्द ही रजिस्ट्री होगी। इसके अलावा मानपुर में 59 और फूटी कालोनी में 58 दुकानें बनाई गई हैं। तीन जगह पर दुकानें अभी खाली बताई जा रही है।
सिरोल में मार्च तक प्रोजेक्ट पूरा, तब रजिस्ट्री की तैयारी
प्रधानमंत्री आवास योजना में सबसे आखिर का प्रोजेक्ट सिरोल (फूटी कालोनी) का है। यहां पर कुल 696 आवास बनाए जा रहे हैं। इनमें एलआईजी 384, एमआईजी 312 आवास बनाए जा रहे हैं। यहां पर 58 दुकानें और 22 भूखंड भी है। निगम आवास बनाने का काम कर रहा है। इस प्रोजेक्ट को मार्च 2024 में पूरा करने का टारगेट रखा गया है।
रजिस्ट्री शुरू, नए प्रोजेक्ट भी तैयार कर रहे हैं
मानपुर में नॉन स्लम आवासों की रजिस्ट्री कराना शुरू कर दी है। शेष आवासों की रजिस्ट्री भी जल्दी शुरू होगी। वहां के लिए एक नया प्रोजेक्ट तैयार किया है। उसकी टीएंडसीपी से स्वीकृति करा ली गई है।
–पवन सिंघल, नोडल अधिकारी ननि


