‘नया भारत–सशक्त भारत, मेरी माटी–मेरा देश” प्रदर्शनी में दिखा सुशासन और सेवा

लोकमतसत्याग्रह/संभाग आयुक्त दीपक सिंह ने शासकीय विजयाराजे कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘नया भारत–सशक्त भारत, सुपोषित भारत, मेरी माटी-मेरा देश” प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। सूचना प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के केन्द्रीय संचार ब्यूरो द्वारा लगाई गई इस चित्र प्रदर्शनी में ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 9 वर्ष”, हर घर पोषण त्यौहार एवं मतदाता जागरूकता गतिविधियों को बखूबी ढंग से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी के साथ-साथ प्रश्न मंच प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।

संभाग आयुक्त दीपक सिंह ने इस अवसर पर कहा कि प्रदर्शनी जन जागृति में महती भूमिका निभाती हैं। जानकारी न होने से बहुत से पात्र लोग भी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद महाविद्यालय की छात्राओं का आह्वान किया कि वे प्रदर्शनी में दर्शायी गई योजनाओं का लाभ उठाने के लिये आगे आएं और दूसरों को भी प्रेरित करें। संभाग आयुक्त ने केन्द्रीय संचार ब्यूरो के अधिकारियों से अन्य संस्थाओं में भी ऐसी प्रदर्शनी लगाने के लिये कहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुशीला माहौर ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने महाविद्यालय में हुए विकास कार्यों की जानकारी भी इस अवसर पर दी। स्वागत उद्बोधन केन्द्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी अजय प्रकाश उपाध्याय ने दिया। उन्होंने बताया कि ग्वालियर शहर सहित प्रदेश के 9 जिलों में ऐसी प्रदर्शनी लगाई गई हैं।

कार्यक्रम का संचालन ग्वालियर के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी एसके चौकसे ने किया। प्रदर्शनी के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं प्रश्न मंच जैसी प्रतियोगितायें भी हो रही हैं। आरंभ में संभाग आयुक्त दीपक सिंह ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलन व मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं ने मनोहारी सरस्वती वंदना व स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। प्रदर्शनी के उपलक्ष्य में आयोजित हुई प्रश्न मंच प्रतियोगिता की विजेता छात्राओं को संभाग आयुक्त सिंह ने पुरस्कार वितरित किए।

Leave a comment